जाली नोट गिरोह का पर्दाफाश, 6.51 लाख के नकली नोट बरामद, सरगना गिरफ्तार
जयपुर। जयपुर क्राइम ब्रांच ने चित्रकूट क्षेत्र में जाली नोटों के अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा किया। तीन आरोपी गिरफ्तार हुए और 6.51 लाख रुपये के नकली नोट व उपकरण बरामद किए गए। सरगना यूपी से पकड़ा गया।
जयपुर क्राइम ब्रांच आयुक्तालय की सी.एस.टी. टीम ने पुलिस थाना चित्रकूट (पश्चिम) क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए जाली नोटों के अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 6 लाख 51 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए गए। साथ ही जाली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
उच्च अधिकारियों के निर्देशन में ऑपरेशन
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त जयपुर सचिन मित्तल के मार्गदर्शन और विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन्स) राहुल प्रकाश के निर्देशन में की गई। पुलिस उपायुक्त अपराध अभिजीत सिंह के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (संगठित अपराध) लाल मीना के नेतृत्व में सी.एस.टी. टीम ने लगातार आसूचना संकलन के बाद यह सफलता हासिल की।
सहारनपुर से पकड़ा गया गिरोह का सरगना
पुलिस ने जाली नोट बनाने वाले गिरोह के सरगना गौरव पुडीर को सहारनपुर, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से जाली नोट छापने के उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ पहले भी जाली नोटों से जुड़े प्रकरण दर्ज रहे हैं।
चित्रकूट थाने में मामला दर्ज
इस संबंध में पुलिस थाना चित्रकूट जयपुर (पश्चिम) में प्रकरण संख्या 491/2025 के तहत बीएनएस-2023 की धारा 178, 179, 180, 318(4) और 61(2) में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस गिरोह की गतिविधियों और नेटवर्क की जांच में जुटी है।
