उस्मान हादी की मौत के बाद ढाका में हिंसा, मीडिया के दफ्तर को बनाया निशाना

 उस्मान हादी की मौत के बाद ढाका में हिंसा, मीडिया के दफ्तर को बनाया निशाना

ढाका। बांग्लादेश में युवा नेता उस्मान हादी की मौत के बाद ढाका में हिंसा भड़क उठी। सड़कों पर उतरे युवाओं ने अखबार और राजनीतिक दलों की इमारतों को निशाना बनाया। हिंसा और आगजनी के बाद हालात चिंताजनक हैं। अंतरराष्ट्रीय मीडिया में आई तस्वीरें चुनाव की तैयारी में लगे पड़ोसी देश की मौजूदा स्थिति को बयां कर रही हैं। ढाका में तनावपूर्ण हालात के बाद क्या कर रही है मोहम्मद युनूस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार? पुलिस और प्रशासन किस तरह की सख्तियां कर रहे हैं?

हालात उस वक्त तनावपूर्ण हो गए, जब उग्र भीड़ ने डेली स्टार अखबार के दफ्तर पर हमला कर दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अखबार के कार्यालय में फंसे कम से कम 25 पत्रकारों को चार घंटे बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। रात करीब 12 बजे भीड़ ढाका के करवान बाजार स्थित डेली स्टार के दफ्तर में घुस गई। इससे पहले प्रदर्शनकारियों ने प्रथम आलो अखबार के दफ्तर पर भी हमला किया था, जहां तोड़फोड़ के बाद आग लगा दी गई और नारेबाजी की गई। बताया जा रहा है कि दोनों प्रमुख अखबारों को प्रदर्शनकारी भारत समर्थक मान रहे थे।