पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदान में कोहरा-शीतलहर का कहर

 पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदान में कोहरा-शीतलहर का कहर

नई दिल्ली। दिसंबर में पहाड़ी राज्यों में कड़ाके की ठंड और बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में देखा जा रहा है। मैदानी इलाकों में घना कोहरा और तापमान में गिरावट से जनजीवन प्रभावित है। दिल्ली, एनसीआर और यूपी में कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया गया है।

विभिन्न हिस्सों में दिसंबर की ठंड ने अलग-अलग रूप दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में जहां सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है, वहीं मैदानी इलाकों में घना कोहरा और तापमान में गिरावट जनजीवन को प्रभावित कर रही है। कुछ क्षेत्रों में दिन के तापमान में असामान्य बढ़ोतरी भी दर्ज की गई है, जिससे मौसम का मिजाज विरोधाभासी नजर आ रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू-कश्मीर में ऊपरी हवाओं में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है, जो पश्चिम से पूर्व की ओर फैला है। इसके साथ ही उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम भी उत्तर भारत के ऊपर सक्रिय है, जहां लगभग 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर हवाओं की रफ्तार 110 नॉट (203.72 किमी.) तक पहुंच रही है। इन दोनों प्रणालियों के कारण मौसम को अतिरिक्त ऊर्जा मिल रही है, जिससे ठंड, कोहरा और पहाड़ी इलाकों में मौसम परिवर्तन की प्रक्रिया तेज हो गई है। लोगों को ठंड और कोहरे के चलते स्वास्थ्य और यात्रा से जुड़ी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

कश्मीर में सर्दी का असर

इस बीच कश्मीर में सर्दी का असर लगातार बना हुआ है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जोजिला दर्रे में पारा गिरकर माइनस 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, घाटी में अगले कुछ दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। आईएमडी ने बताया कि 18 से 31 दिसंबर के बीच उत्तर और मध्य कश्मीर के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। 20 और 21 दिसंबर को कश्मीर के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश के भी आसार हैं।

बारिश व बर्फबारी के आसार

उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क है और दिन में धूप निकल रही है, लेकिन सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है। विभाग के मुताबिक 21 दिसंबर को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी व निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार हैं।

पारा 3 डिग्री से नीचे

राजस्थान में भी सर्दी का असर साफ दिखाई दे रहा है। राज्य के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। नागौर में सबसे कम 3.1 डिग्री और सीकर के फतेहपुर में 3.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। पूर्वी राजस्थान में वनस्थली में छह डिग्री और अलवर में 7.4 डिग्री तापमान रहा। जयपुर में न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री दर्ज किया गया। पश्चिमी राजस्थान के मुकाबले पूर्वी हिस्सों में ठंड का असर ज्यादा दिखा। बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री, जैसलमेर में 9.6 डिग्री और जोधपुर में 12.1 डिग्री दर्ज किया गया।