भारत-इथियोपिया के रिश्ते मजबूत, दोनों देशों के बीच आठ समझौतों पर हस्ताक्षर

 भारत-इथियोपिया के रिश्ते मजबूत, दोनों देशों के बीच आठ समझौतों पर हस्ताक्षर

अदीश अबाबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबिय अहमद अली की वार्ता के बाद भारत और इथियोपिया ने अपने ऐतिहासिक संबंधों को रणनीतिक साझेदारी में बदला। दोनों देशों ने आठ अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए।

भारत और इथियोपिया के ऐतिहासिक संबंधों ने मंगलवार को नई ऊंचाई छू ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबिय अहमद अली के बीच व्यापक वार्ता के बाद दोनों देशों ने आपसी रिश्तों को रणनीतिक साझेदारी में बदलने का फैसला किया। इस कदम को भारत-अफ्रीका संबंधों के लिए अहम माना जा रहा है। पहली द्विपक्षीय यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी को राष्ट्रीय महल में औपचारिक स्वागत दिया गया, जो दोनों देशों के बीच बढ़ती नजदीकी का संकेत है।

प्रधानमंत्री मोदी ने प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के बाद कहा कि भारत और इथियोपिया अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी में बदल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह फैसला दोनों देशों के रिश्तों में नई ऊर्जा, नई गति और नई गहराई लाएगा। बातचीत में अर्थव्यवस्था, तकनीक, रक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, क्षमता निर्माण और बहुपक्षीय सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत को इथियोपिया के समर्थन के लिए प्रधानमंत्री अली का आभार भी जताया।

हजारों साल पुराने रिश्तों पर जोर

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और इथियोपिया के बीच हजारों वर्षों से संपर्क, संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान रहा है। दोनों देश भाषाओं और परंपराओं से समृद्ध हैं और विविधता में एकता के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि दोनों लोकतांत्रिक शक्तियां हैं, जो शांति और मानव कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। ग्लोबल साउथ के साझेदार के रूप में भारत और इथियोपिया अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे हैं।