पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर को एसटीएफ ने किया गिरफ्तार

 पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर को एसटीएफ ने किया गिरफ्तार
नई दिल्ली। पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। तालकटोरा थाने के प्रभारी ने उनकी पत्नी नूतन ठाकुर को फोन कर गिरफ्तारी की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार कुछ महीने पहले देवरिया में दर्ज एक मामले में अमिताभ ठाकुर को अरेस्ट किया गया है।
पुलिस उन्हें अपनी हिरासत में लेकर देवरिया ले जा रही है। मामले में नूतन ठाकुर को भी आरोपी बनाया गया है। नूतन ठाकुर के मुताबिक अमिताभ ठाकुर मंगलवार रात किसी काम से दिल्ली जा रहे थे। इस दौरान उन्हें शाहजहांपुर स्टेशन पर तालकटोरा पुलिस ने हिरासत में लिया। बुधवार सुबह 10 बजे उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि हुई। नूतन ठाकुर भी इस समय शहर के बाहर हैं।
बताया जा रहा है कि अमिताभ ठाकुर रात में लखनऊ से दिल्ली के लिए ट्रेन में थे। शाहजहांपुर पहुंचते ही उन्हें चलती ट्रेन से उठाया गया। शुरुआत में उनकी पत्नी को किसी प्रकार की जानकारी नहीं मिली। बाद में रेलवे ने इसकी आशंका जताई कि संभवतः पुलिस के लोग साधारण वर्दी में मौजूद हो सकते हैं। इसके बाद सुबह 10 बजे तालकटोरा थाने की पुलिस ने पुष्टि की कि अमिताभ ठाकुर पुलिस की हिरासत में हैं।
अमिताभ ठाकुर बैच 1992 के आईपीएस अधिकारी रहे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें 2021 में रिटायर किया था। आईपीएस बनने के बाद उन्होंने यूपी के कई जिलों में कप्तान के पद पर कार्य किया। 2021 में गृह विभाग ने उनकी स्क्रीनिंग के दौरान उन्हें अनुपयुक्त पाया था, जिसके बाद रिटायरमेंट दे दी गई थी।