महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव: साथ आए भाजपा-शिवसेना! जल्द होगी सीट बंटवारे पर बातचीत
मुंबई। भाजपा और एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने महाराष्ट्र में होने वाले नगर निगम चुनाव साथ लड़ने का फैसला किया है। मुंबई, ठाणे समेत सभी प्रमुख नगर निकायों पर महायुति गठबंधन के तौर पर चुनाव लड़ा जाएगा। फडणवीस और शिंदे की देर रात बैठक में यह निर्णय हुआ। जल्द ही सीट बंटवारे की बातचीत शुरू होगी।
महाराष्ट्र में कई दिनों से चली आ रही तकरार के बाद भाजपा और एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने आखिरकार नगर निकाय चुनावों में साथ उतरने का फैसला कर लिया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक मुंबई, ठाणे और अन्य नगर निगमों में दोनों दल एक गठबंधन के तौर पर चुनाव लड़ेंगे। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब महायुति के भीतर पिछले कुछ महीनों से तनाव खुलकर सामने आने लगा था।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की सोमवार देर रात हुई बैठक में यह निर्णय किया गया कि भाजपा और शिवसेना मौजूदा महायुति गठबंधन के तौर पर ही निकाय चुनावों में उतरेंगी। बैठक नागपुर में हुई, जहां वर्तमान में विधानसभा का शीतकालीन सत्र चल रहा है। फिलहाल राज्य चुनाव आयोग ने नगर निगम चुनावों की तारीखों की घोषणा नहीं की है, लेकिन दोनों दलों ने चुनावी रणनीति तैयार करना शुरू कर दिया है।
