उगते सूरज को दिया अर्घ्य, पीएम मोदी ने दीया छठ व्रतियों को शुभकामनाएं

 उगते सूरज को दिया अर्घ्य, पीएम मोदी ने दीया छठ व्रतियों को शुभकामनाएं

नई दिल्ली। सूर्य उपासना के महापर्व छठ का आज समापन हो रहा है। उगते सूर्य को ‘उषा अर्घ्य’ अर्पित करने के लिए तड़के से ही श्रद्धालु देशभर के घाटों पर जुट गए हैं। बिहार सहित पूरे देश में छठ पूजा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

चिराग पासवान ने अपने पटना आवास से की छठ पूजा

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपने पटना स्थित आवास से छठ पूजा की। इस दौरान उन्होंने कहा, “छठी मैया ने बिना मांगे इतना कुछ दिया है लेकिन हां मैं ये मानता हूं जिस विकसित बिहार की हम कल्पना करते हैं और उस विकसित परिवार तथा उस विकसित बिहार में हर परिवार में खुशियां और समृद्धि आए। यही कामना की है कि छठी मैया का ये आर्शीवाद बिहार और देश के हर व्यक्ति और परिवार को मिले। छठ पर्व के साथ लोकतंत्र का महापर्व भी चल रहा है ऐसे में आज जब हम लोग छठ का उगते सूर्य को अर्घ्य देकर इस पर्व को पूर्ण किया। एक महापर्व समाप्ति की ओर है तो दूसरी ओर लोकतंत्र का दूसरा महापर्व वो अपनी चरम सीमा पर अपने पूर्णरूप में आएगा। आज से हम लोग प्रचंड प्रचार की शुरुआत करेंगे और जो भी परिणाम आएंगे हम जानते हैं हमारे पक्ष में आएंगे लेकिन वो परिणाम बिहार और बिहारवासियों के लिए सुखद होंगे।”

प्रधानमंत्री मोदी ने छठ के समापन पर दीं शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को एक्स पर पोस्ट में छठ समापन को लेकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “भगवान सूर्यदेव को प्रात:कालीन अर्घ्य के साथ आज महापर्व छठ का शुभ समापन हुआ। चार दिवसीय इस अनुष्ठान के दौरान छठ पूजा की हमारी भव्य परंपरा के दिव्य दर्शन हुए। समस्त व्रतियों और श्रद्धालुओं सहित पावन पर्व का हिस्सा बने अपने सभी परिवारजनों का हृदय से अभिनंदन! छठी मइया की असीम कृपा से आप सभी का जीवन सदैव आलोकित रहे।”

कठिन व्रतों में से एक माना जाता है छठ पर्व

छठ पर्व कठिन व्रतों में से एक माना जाता है। यह पर्व हर वर्ष कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से शुरू होकर सप्तमी तिथि तक चलता है। छठ पर्व का पहला दिन नहाय-खाय के साथ शुरू होता है, फिर दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन संध्या अर्घ्य और चौथे दिन उषा अर्घ्य के साथ संपन्न होता है। 28 अक्तूबर को छठ पर्व का आखिरी दिन है। ऐसे में इस दिन व्रती सुबह किसी पवित्र नदी या तालाब में खड़े होकर उगते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते है, फिर इसके बाद चार दिनों तक चलने वाला लोक आस्था का महापर्व संपन्न होता है।

भाजपा नेता संजय मयूख के आवास पर पहुंचे

पटना में छठ पूजा की तैयारियां के बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भाजपा नेता संजय मयूख के आवास पर आयोजित छठ पूजा कार्यक्रम में शामिल हुए।

घाटों पर व्रतियों का उमड़ा सैलाब

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, वाराणसी और नोएडा में भी छठ महापर्व की आस्था का सैलाब घाटों में दिखाई दे रहा है। गोरखपुर के गुरु गोरखनाथ घाट पर हजारों व्रती महिलाओं ने ‘उषा अर्घ्य’ अर्पित किया, वहीं घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। दूसरी तरफ वाराणसी में गंगा तट पर आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। अस्सी घाट से लेकर राजघाट तक छठ गीतों की मधुर गूंज ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं नोएडा में श्रद्धालुओं ने यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे बने अस्थायी घाटों और सेक्टर-78 स्थित जलाशयों पर पारंपरिक रीति से पूजा-अर्चना की।