नई दिल्ली। मणिपुर के अलग-अलग जिलों में रंगदारी मांगने और अधिकारियों को धमकाने के आरोप में पुलिस ने महिला समेत छह उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोग अलग-अलग प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े हैं। पुलिस ने बताया कि PREPAK के दो सक्रिय उग्रवादी घाटी इलाके में सरकारी अधिकारियों, डॉक्टरों और आम लोगों से रंगदारी मांगने और उन्हें धमकाने में शामिल थे, उन्हें रविवार को इंफाल पश्चिम जिले के थोंगखोंग लक्ष्मी बाजार से गिरफ्तार किया गया।
सुरक्षा बलों ने थौबल जिले के वांगजिंग इलाके से कंगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (PWG) की एक महिला कैडर को गिरफ्तार किया, जो जिले में रंगदारी मांगने में शामिल थी। पुलिस ने रविवार को ही काकचिंग जिले के हियांगलाम तेरापिशक सेकमाइजिन इलाके से कंगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (MFL) के दो कैडरों को गिरफ्तार किया, जो रंगदारी मांगने में शामिल थे। प्रतिबंधित पीपल्स लिबरेशन आर्मी के एक कैडर को थौबल जिले के खंगारोक से गिरफ्तार किया गया।