• July 17, 2026

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बस बनी आग का गोला, मची चीख पुकार

 आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बस बनी आग का गोला, मची चीख पुकार
लखनऊ। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चलती बस में आग लग गई। इससे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। किसी तरह सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि बस पूरी तरह जल गई।
राजधानी लखनऊ में रविवार की तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी बस आग का गोला बन गई। यह दिल्ली से सवारियां लेकर गोंडा जा रही थी। घटना से मौके पर चीख पुकार मच गई। चालक-परिचालक ने आनन फानन सवारियों को बाहर निकाला। इससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, बस (BR28P6333) पूरी तरह जल गई। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है।
घटना काकोरी थाना क्षेत्र की सुबह करीब 4:45 बजे टोल प्लाजा से लगभग 500 मीटर पहले की है। इंस्पेक्टर सतीश राठौर ने बताया बस चालक की सूझबूझ से 39 यात्रियों की जान बच गई। चालक ने बताया कि पिछले पहिए से धुआं उठता देखा तो गाड़ी को किनारे लगाकर रोक दिया। फिर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। चालक-परिचालक और यात्रियों ने मिलकर बस में रखा सामान भी बाहर निकाल लिया।
सूचना पर उपनिरीक्षक मोबीन अली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों के साथ टीम भी पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।