रूस पर अमेरिका ने लगाए कड़े प्रतिबंध, पुतिन को बताया बेईमान

 रूस पर अमेरिका ने लगाए कड़े प्रतिबंध, पुतिन को बताया बेईमान

वाशिंगटन। राष्ट्रपति ट्रंप ने यूक्रेन वार्ता में पुतिन से निराश होने के बाद रूस पर कड़े प्रतिबंध लगा दिए हैं। अमेरिकी वित्त मंत्री ने घोषणा की कि मास्को के साथ युद्धविराम वार्ता की प्रगति से निराशा है। अमेरिकी वित्त मंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन वार्ता में ईमानदार नहीं है। जिसके बाद उन्होंने रूस पर अब तक के सबसे बड़े अमेरिकी प्रतिबंध लगा दिए है। बुडापेस्ट में प्रस्तावित ट्रंप-पुतिन शिखर सम्मेलन के रद्द होने के एक दिन बाद स्कॉट बेसेंट ने इन प्रतिबंधों का ऐलान किया है।

उन्होंने कहा कि अमेरिकी नेता मास्को के साथ युद्धविराम वार्ता की प्रगति से निराश हैं। बेसेंट ने बताया, “हम सबसे पहले रूस पर प्रतिबंधों में भारी बढ़ोत्तरी करेंगे।” बेसेंट ने एक इंटरव्यू में कहा कि यह रूसी संघ के खिलाफ हमारी ओर से लगाए गए सबसे बड़े प्रतिबंधों में से एक होगा।

ट्रंप को शांति समझौते की उम्मीद

बता दें कि यूक्रेन वार्ता के लिए ट्रंप महीनों से नए प्रतिबंधों को टाल रहे थे। हालांकि ट्रंप ने कहा है कि बढ़ती निराशा के बावजूद उन्हें रूसी राष्ट्रपति पुतिन को शांति समझौते के लिए मनाने की उम्मीद है। लेकिन पिछले गुरुवार को पुतिन से टेलीफोन पर बात करने के बाद से वह निराश नजर आ रहे हैं।

बेसेन्ट ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन ईमानदार और स्पष्ट तरीके से बातचीत की मेज पर नहीं आए, जैसी हमें उम्मीद थी। बेसेन्ट ने बताया कि जब अगस्त में अलास्का में दोनों नेताओं की मुलाकात हुई थी, तब उन्हें एहसास हुआ कि चीज़ें आगे नहीं बढ़ रही हैं, तो वे चले गए।

प्रतिबंधों का नहीं दिया ब्यौरा

वित्त मंत्री ने अभी ये नहीं बताया कि प्रतिबंध रूस की कौन सी कंपनियों और क्षेत्रों पर लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जब तक औपचारिक रूप से प्रतिबंधों की घोषणा नहीं हो जाती, तब तक वह यह नहीं बता सकती हैं। इसके अलावा यूरोपीय संघ ने बुधवार को कहा कि वह रूस पर नए प्रतिबंध लगा रहा है।