न्यूयॉर्क में दो विमान आपस में टकराए, घायल यात्री अस्पताल में भर्ती
- दिल्ली राष्ट्रीय विदेश
Political Trust
- October 2, 2025
- 0
- 91
- 1 minute read
न्यूयॉर्क। न्यूयॉर्क के ला गार्डिया हवाई अड्डे पर बड़ा हादसा हुआ है। दो विमान टैक्सीवे पर आपस में टकरा गए। खबरों की मानें तो दोनों विमान डेल्टा एयरलाइंस की सहायक कंपनी एंडेवर एयर द्वारा संचालित हो रहे थे। दूसरी तरफ इस हादसे में एक यात्री घायल हुआ है। जैसे ही हादसा हुआ उसके बाद घटनास्थल पर दोनों विमानों में सवार यात्रियों को नीचे उतारकर बस के जरिए टर्मिनल तक ले जाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक हवाई अड्डा प्रशासन के अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, एक विमान लैंडिंग के बाद गेट की ओर जा रहा था, तभी एक दूसरा विमान उससे टकरा गया, जिससे वहां मौजूद लोग सकते में आ गए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में देखा जा सकता है कि एक विमान का पंख पूरी तरह से टूट गया है। घायल यात्री को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों विमान बॉम्बार्डियर सीआरजे-900 मॉडल के थे।डेल्टा एयरलाइंस ने बयान में कहा कि यह धीमी रफ्तार की टक्कर एंडेवर एयर की दो उड़ानों के बीच हुई- एक उड़ान (5047) नॉर्थ कैरोलिना के शार्लेट से आ रही थी और दूसरी उड़ान (5155) जो वर्जीनिया के रोअनोक के लिए रवाना होने वाली थी। एयरलाइन के अनुसार, शुरुआती जानकारी से पता चला है कि उड़ान-5155 का एक पंख उड़ान-5047 के शरीर से टकराया। एक फ्लाइट अटेंडेंट को हल्की चोट लगी, जिसे मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। बाद में उसे अस्पताल भेजा गया। एक विदेशी मीडिया के मुताबिक, उड़ान-5155 में कुल 32 लोग सवार थे, जिनमें 28 यात्री और चार क्रू सदस्य थे। उड़ान-5047 में 61 लोग सवार थे, जिसमें 57 यात्री और 4 क्रू मेंबर सवार थे। उड़ान 5047 में सवार एक पत्रकार ने टक्कर के बाद दूसरे विमान के टूटे पंख का वीडियो अपने मोबाइल से रिकॉर्ड किया।
