पड़ोसियों के ताने बने महिला की मौत की वजह, वीडियो में लगाए गंभीर आरोप
गाज़ियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र में 35 वर्षीय ज़ीनत फ़ातिमा उर्फ़ हिना ने आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, घटना से पहले हिना ने एक वीडियो क्लिप रिकॉर्ड कर अपने पड़ोसियों पर चरित्र हनन के आरोप लगाए।
वीडियो में हिना ने कहा कि पड़ोस की महिलाएं उस पर बार-बार अपमानजनक टिप्पणियां करती थीं। उसने रोते हुए यह भी बताया कि वह अपने तीन बच्चों को छोड़कर दुनिया से जा रही है और उसकी मौत के लिए तीन महिलाएं और एक पुरुष ज़िम्मेदार हैं।
हिना ने अपने बयान में पुलिस चौकी प्रभारी पर भी लापरवाही का आरोप लगाया। उसका कहना था कि लिखित शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़िता के पति हसन जावेद की तहरीर पर पुलिस ने संगीता, गुनगुन, जानकी, कोमल और अमन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाने) के तहत मामला दर्ज किया है।
अपर पुलिस उपायुक्त सूर्य बली मौर्य ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच चल रही है।
