मिशन शक्ति 5.0 : शाहजहांपुर की नेहा कश्यप ने मशरूम खेती से रचा स्वावलंबन का कीर्तिमान

 मिशन शक्ति 5.0 : शाहजहांपुर की नेहा कश्यप ने मशरूम खेती से रचा स्वावलंबन का कीर्तिमान

Political Trust Magazine –लखनऊ, 27 सितंबर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद के ग्राम जिन्दपुरा की नेहा कश्यप मिशन शक्ति के तहत नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की प्रेरणादायक मिसाल बनकर उभरी हैं। एकता स्वयं सहायता समूह (SHG) की अध्यक्ष के रूप में उन्होंने 10 ग्रामीण महिलाओं को जागरूक कर मशरूम खेती जैसे अभिनव उद्यम की नींव रखी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महिला सशक्तीकरण मुहिम ने नेहा को न केवल आर्थिक स्वतंत्रता दी बल्कि ग्रामीण महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान की नई राह भी दिखाई है।

नेहा कश्यप ने उ0प्र0 राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की योजना के तहत एकता समूह का गठन किया। कोषाध्यक्ष नूरजहां और सचिव माया देवी के साथ मिलकर उन्होंने महिलाओं को छोटी बचत के लिए प्रेरित किया। स्टार्टअप फंड, रिवाल्विंग फंड, सीआईएफ और सीसीएल से मिले सहयोग ने उनके सपनों को पंख दिए। नेहा ने अपने 42 फीट लंबे और 36 फीट चौड़े मशरूम फार्म की स्थापना की, जिसमें लगभग 30,000 रुपये की लागत आई। परिवार के सहयोग से उन्होंने वटन और ढिंगरी प्रजाति की खेती शुरू की, जिससे मासिक 40,000 से 50,000 रुपये की आमदनी होने लगी।

नेहा की अगुआई में एकता समूह की सभी 10 महिलाएं सफल उद्यमी बन चुकी हैं। मशरूम खेती के साथ-साथ बकरी पालन, जरी और सिलाई जैसे कार्यों ने उन्हें आत्मनिर्भर बनाया। विकास खंड निगोही के कई SHG मिशन शक्ति की बदौलत प्रगति कर रहे हैं। नेहा अब मशरूम उत्पादन को बड़े बाजारों तक पहुँचाने और अधिक से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की योजना बना रही हैं।

नेहा कश्यप का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मिशन शक्ति अभियान उनकी प्रेरणा का बड़ा आधार है। उनका मानना है कि यदि महिलाएं संगठित हों और अवसर मिले, तो वे समाज और अर्थव्यवस्था की दिशा बदल सकती हैं।