सिक्किम अद्भुत प्रदेश, प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर : केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह

 सिक्किम अद्भुत प्रदेश, प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर : केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह

Political Trust Magazine –नई दिल्ली, 25 सितंबर 2025। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, इम्फाल के अंतर्गत सिक्किम के बर्मीओक स्थित बागवानी महाविद्यालय के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक भवन और वार्षिक क्षेत्रीय कार्यशाला का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस अवसर पर सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर, केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी, सिक्किम के कृषि मंत्री पूरन कुमार गुरुंग, कुलपति डॉ. अनुपम मिश्रा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 52 करोड़ रुपये की लागत से बने इस भवन से सिक्किम के युवाओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने सिक्किम की जलवायु और प्राकृतिक सौंदर्य की सराहना करते हुए कहा कि यहां एवोकाडो, कीवी, बड़ी इलायची, आर्किड, अदरक, हल्दी, टमाटर और गोभी जैसी फसलों की अपार संभावनाएं हैं।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि सिक्किम जैविक राज्य है और यहां के किसान केमिकल फर्टिलाइजर रहित शुद्ध उत्पाद पूरे देश में उपलब्ध करा रहे हैं। मधुमक्खीपालन, मशरूम, बांस और औषधीय पौधों जैसी गैर-परंपरागत फसलों को बढ़ावा देने से राज्य की बागवानी गतिविधियों में विविधता आई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेती तेजी से आगे बढ़ रही है और पर्वतीय राज्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि खेती को आगे बढ़ाने के प्रधानमंत्री मोदी के छह सूत्र हैं जिनमें उत्पादन बढ़ाना, लागत घटाना, उपज का उचित मूल्य दिलाना, नुकसान की भरपाई करना और कृषि का विविधीकरण शामिल है। उन्होंने चेतावनी दी कि रासायनिक खादों का अत्यधिक प्रयोग आने वाली पीढ़ियों के लिए खतरा है और जैविक एवं प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ना समय की जरूरत है।

कृषि मंत्री ने छात्रों से अपील की कि वे शिक्षा पूरी करने के बाद खेती या कृषि संबंधी स्टार्टअप और नवाचार से जुड़े। उन्होंने कहा कि कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसान उसकी आत्मा, क्योंकि आज भी देश की 46 प्रतिशत आबादी को रोजगार खेती से ही मिलता है।