पीएम मोदी के जन्मदिवस परदिल्ली भाजपा आयोजित करेगी 17 कार्यक्रम: वीरेन्द्र सचदेवा

 पीएम मोदी के जन्मदिवस परदिल्ली भाजपा आयोजित करेगी 17 कार्यक्रम: वीरेन्द्र सचदेवा

नई दिल्ली, 15 सितम्बर। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से शुरू होकर एक पखवाड़े तक राजधानी में 17 विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ये आयोजन प्रदेश से लेकर मंडल स्तर तक होंगे और इनमें भाजपा के नेता एवं कार्यकर्ता सक्रिय भागीदारी करेंगे।

सचदेवा ने कहा कि इस दौरान दिल्ली भाजपा न केवल अपने संगठनात्मक कार्यक्रम करेगी बल्कि दिल्ली सरकार के विभिन्न कार्यक्रमों में भी सहभागिता करेगी। उन्होंने बताया कि हर आयोजन के लिए संयोजन समितियां बनाई गई हैं और पूरे कार्यक्रम का संयोजन प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल करेंगे। सह संयोजक के रूप में दिनेश प्रताप सिंह, सोना कुमारी, सत्यनारायण गौतम और राजकुमार चौटाला की जिम्मेदारी तय की गई है।

कार्यक्रमों की श्रृंखला 17 सितम्बर को स्वच्छता अभियान से शुरू होगी। इसके अलावा वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, प्रधानमंत्री के जीवन पर डॉक्यूमेंट्री, प्रबुद्ध वर्ग संपर्क, पुस्तक वितरण, दिव्यांग सम्मान, वोकल फॉर लोकल प्रचार, सांसद खेलकूद प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, मोदी विकास मैराथन, प्रदर्शनी, दीनदयाल जयंती, गांधी-शास्त्री जयंती समारोह, नमो ऐप एवं सोशल मीडिया चर्चा अभियान और जीएसटी रिफॉर्म पर जनचर्चा जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे।

सचदेवा ने कहा कि दो सप्ताह चलने वाले इस अभियान को समाज के हर वर्ग से जोड़ा जाएगा और एक लाख से अधिक भाजपा कार्यकर्ता इसे सफल बनाएंगे।