विकसित कृषि संकल्प अभियान का दूसरा चरण 3 अक्टूबर से

Political Trust Magazine
नई दिल्ली, 13 सितंबर 2025।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में विकसित कृषि संकल्प अभियान का दूसरा चरण शुरू होने जा रहा है। यह अभियान रबी फसलों पर केंद्रित होगा और 3 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक देशभर में चलेगा।
अभियान की शुरुआत से पहले 15-16 सितंबर को पूसा, नई दिल्ली में दो दिवसीय राष्ट्रीय रबी सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें केंद्रीय कृषि मंत्री, राज्यों के कृषि मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और पहली बार कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिक भी शामिल होंगे।
सम्मेलन में रबी सीजन की तैयारियों, बीज और उर्वरक की उपलब्धता, प्राकृतिक खेती, दलहन-तिलहन उत्पादन, कृषि विविधीकरण और किसानों तक नई तकनीक पहुँचाने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
पिछले खरीफ अभियान की तरह इस बार भी वैज्ञानिक गांव-गांव जाकर किसानों से संवाद करेंगे। सरकार का लक्ष्य है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लैब टू लैंड’ विजन के तहत किसानों को सीधा लाभ मिले और रबी फसलों का उत्पादन बढ़ाकर उनकी आय में इजाफा हो।