आज से शुरू होगा विधानमंडल सत्र, मुख्य मार्गों में किया बदलाव

 आज से शुरू होगा विधानमंडल सत्र, मुख्य मार्गों में किया बदलाव
लखनऊ। आज से यूपी विधानसभा का सत्र शुरू होने जा रहा है। इस बार सत्र हंगामेदार रहने के आसार बन रहे हैं। सत्र को देखते हुए विधानसभा और उसके आसपास के मार्गो में बदलाव किया गया है। विधानमंडल का मानसून सत्र सोमवार से शुरू होगा। इस दाैरान यातायात की सुगमता को ध्यान में रखते हुए विधानसभा की ओर जाने वाले मार्ग पर आम वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। डायवर्ट रूट से आवागमन हो सकेगा। यातायात पुलिस के मुताबिक सत्र के दौरान विधान भवन में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, अध्यक्ष विधानसभा, सभापति विधान परिषद, उप मुख्यमंत्री, नेता विरोधी दल, सभी मंत्री, विधायक व विधान परिषद सदस्य विधान भवन पहुंचेंगे। इस दौरान राजनैतिक दलों की ओर से विधानसभा के समक्ष धरना, प्रदर्शन की संभावना और यातायात के सुगम संचालन को ध्यान में रखते हुए 11 अगस्त से सत्र समाप्त होने तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा।
इमरजेंसी सेवा स्कूली वाहनों के लिए रहेगी छूट
सत्र के दौरान सामान्य यातायात के लिए किए गए डायवर्जन मार्ग पर इमरजेंसी सेवा के वाहन जा सकेंगे। यातायात पुलिस के मुताबिक किसी जन-सामान्य की चिकित्सकीय आवश्यकता, एंबुलेंस, शव वाहन, फायर सर्विस, स्कूली वाहन आदि प्रतिबंधित मार्ग से भी जा सकेंगे। इसके निर्देश ट्रैफिक पुलिस, स्थानीय पुलिस को दे दिए गए हैं। इसके लिए ट्रैफिक कंट्रोल नंबर- 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।