• July 17, 2026

खतरे के निशान पर पहुंचा यमुना का जलस्तर, दिल्ली में बाढ़ की आशंका

 खतरे के निशान पर पहुंचा यमुना का जलस्तर, दिल्ली में बाढ़ की आशंका
नई दिल्ली। मानसूनी बारिश के बीच दिल्ली में अब बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। यमुना का जलस्तर 204.13 मीटर पर था जो खतरे के निशान 205.33 मीटर से थोड़ा नीचे है।
दिल्ली में यमुना का जलस्तर बुधवार की रात खतरे के निशान के करीब पहुंच गया। इससे बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। हालांकि, देर रात जलस्तर कम होने लगा लेकिन पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण सतर्कता बरती जा रही है।
सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के मुताबिक, हथिनीकुंड बैराज से 25 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था जो बुधवार को दिल्ली पहुंचा। इसके बाद बुधवार शाम को 50 हजार क्यूसेक पानी और छोड़ा गया है जो कल तक पहुंचेगा। इससे यमुना का जलस्तर बढ़ सकता है।
अगर जलस्तर खतरे के निशान को पार करता है तो हाथी घाट, एमनेस्टी मार्केट, मजनूं का टीला, यमुना विहार, सोनिया विहार और यमुना खादर जैसे निचले इलाकों में पानी भरने का खतरा है। यदि एक लाख क्यूसेक या इससे अधिक पानी छोड़ा जाता है तो चेतावनी जारी की जाएगी। तीन लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने पर निचले इलाकों में बोट तैनात होंगी और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जाएगा।