सरकार के लोग नहीं चलाना चाहते संसद, प्रियंका गांधी ने सरकार पर लगाए आरोप

 सरकार के लोग नहीं चलाना चाहते संसद, प्रियंका गांधी ने सरकार पर लगाए आरोप
नई दिल्ली। बिहार में मतदाता सूची के पुनरीक्षण मामले पर पटना से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक गरमाई हुई है। आज भी विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में बिहार के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया। विपक्ष सदन में इस मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रहा है।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने सत्ता पक्ष पर आरोप लगाया है कि वे ही सदन नहीं चलाना चाहते। उन्होंने कहा कि सदन में विपक्ष नेताओं को बोलने नहीं दिया जाता। प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी ने अन्य विपक्षी सांसदों के साथ संसद परिसर में बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण मामले पर विरोध प्रदर्शन भी किया।
सरकार को प्रियंका गांधी ने घेरा
प्रियंका गांधी ने संसद परिसर में मीडिया से बात करते हुए कहा कि ‘जब भी विपक्ष के नेता सदन में बोलना चाहते हैं तो उन्हें बोलने की इजाजत नहीं दी जाती। हम चर्चा की मांग कर रहे हैं और उन्हें ये मांग माननी चाहिए। बीते सत्र में मैं ये देखकर हैरान रह गई कि सत्ता पक्ष ने सदन में हंगामा शुरू किया। उन्होंने एक मुद्दे को पकड़ा ताकि विपक्ष उस पर प्रतिक्रिया दे। जिससे हंगामा हुआ और सदन की कार्रवाई स्थगित हो गई। अगर ये उन्हें सही लगता है तो फिर ठीक है।’