नितिन गडकरी बोले-सुपर पावर देशों की तानाशाही से विश्व में टकराव का माहौल’,कभी भी हो सकता है विश्व युद्ध

 नितिन गडकरी बोले-सुपर पावर देशों की तानाशाही से विश्व में टकराव का माहौल’,कभी भी हो सकता है विश्व युद्ध
NewDelhi– देश के केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने विश्व में संघर्ष की स्थिति पर चिंता जताई है। इसके साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि ये स्थिति सुपरपावर देशों की तानाशाही की वजह से उत्पन्न हुई है। उन्होंने आगे कहा कि विश्व युद्ध कभी भी हो सकता है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को कहा कि दुनिया में रूस-यूक्रेन और इस्राइल-ईरान जैसे युद्धों के कारण टकराव का माहौल बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी स्थिति बन रही है जिससे कभी भी विश्व युद्ध छिड़ सकता है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी नागपुर में ‘बियॉन्ड बॉर्डर्स’ नाम के पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि बड़ी महाशक्तियों की तानाशाही और अधिनायकवाद के चलते दुनिया से समन्वय, सौहार्द और प्रेम खत्म होता जा रहा है।
भारत ने दिया अहिंसा और शांति का संदेश’
उन्होंने कहा, ‘आज पूरी दुनिया में संघर्ष का वातावरण है। रूस-यूक्रेन और इस्राइल-ईरान के बीच युद्ध जारी हैं। ऐसे हालात बन रहे हैं कि कभी भी वर्ल्ड वॉर जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।’ केंद्रीय मंत्री ने इस मौके पर भारत की सांस्कृतिक विरासत की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत बुद्ध की धरती है, जिसने दुनिया को सत्य, अहिंसा और शांति का संदेश दिया है।