मुंबई में 5 करोड़ रुपये के प्रतिबंधित नशीले पदार्थ के साथ नाइजीरियाई महिला गिरफ्तार

 मुंबई में 5 करोड़ रुपये के प्रतिबंधित नशीले पदार्थ के साथ नाइजीरियाई महिला गिरफ्तार
मुंबई। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) मुंबई ने एक नाइजीरियाई महिला को प्रतिबंधित नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिबंधित नशीले पदार्थ की कीमत करीब पांच करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसे कालाबाजारी के जरिए ही बेचा या खरीदा जा सकता है। महिला को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 से जुड़े प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है।
इससे पहले डीआरआई ने अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया था। इस दौरान 1.4 करोड़ की पीली धातु जब्त की गई थी और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों ने बताया था कि डीआरआई ने सोने की तस्करी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड और एअर इंडिया के एक चालक दल के सदस्य को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 1.41 करोड़ रुपये की कीमती धातु जब्त की गई है।
एआई-116 के एक पुरुष चालक दल के सदस्य को पकड़ा
उन्होंने बताया था कि डीआरआई ने एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-116 के एक पुरुष चालक दल के सदस्य को रोका, जो शुक्रवार को न्यूयॉर्क से मुंबई पहुंचा था। चालक दल के सदस्य की शुरुआती तलाशी में कुछ बरामद नहीं हुआ। अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि उसने विदेशी मूल के सोने की छड़ों से भरी थैली को काले डक्ट टेप में लपेटकर बैगेज सर्विस एरिया के पास छिपा दिया था। उड़ान के बाद चालक दल के सदस्यों के लिए ब्रीथलाइजर टेस्ट के दौरान बैगेज सर्विस एरिया के पास उसने यह थैली छिपाई थी।