शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 70 अंक और निफ्टी 24,850 से नीचे फिसला

 शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 70 अंक और निफ्टी 24,850 से नीचे फिसला
नई दिल्ली। आज सुबह करीब 7:30 बजे गिफ्ट निफ्टी वायदा 60 अंक की गिरावट के साथ 24,766 पर ट्रेड करता दिखा। जो बाजार में कमजोर शुरुआत की ओर इशारा कर रहा है।
शेयर बाजार में आज गुरुवार को गिरावट के साथ बाजार खुला।  बीएसई सेंसेक्स में 70 अंकों की गिरावट आई और ये 81,400 के नीचे ट्रेड कर रहा था। एनएसई निफ्टी50 भी प्री-ओपनिंग सेशन में सुस्त दिखा और 24,850 के स्तर से नीचे कारोबार करता नजर आया। बाजार में फिलहाल कमजोर रुख बना हुआ है और निवेशक सतर्कता के साथ ट्रेड कर रहे हैं।
कैसी होगी शेयर बाजार की शुरुआत?
भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत गुरुवार को कमजोर रहने की संभावना है। इसके पीछे कई कारण हैं—अमेरिका के फेडरल रिजर्व का ब्याज दरों को यथावत बनाए रखना, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ता तनाव, निफ्टी एफएंडओ की एक्सपायरी, वैश्विक बाजारों से मिलाजुला संकेत और विदेशी संस्थागत निवेशकों की गतिविधियां। सुबह करीब 7:30 बजे गिफ्ट निफ्टी वायदा 60 अंकों की गिरावट के साथ 24,766 के स्तर पर ट्रेड कर रहा था, जो बाजार में नकारात्मक शुरुआत का संकेत दे रहा है।
एशिया-पैसिफिक बाजारों में भी गिरावट देखने को मिल रही है। निवेशकों की नजर एक ओर अमेरिका की मौद्रिक नीति पर है, तो दूसरी ओर इजरायल-ईरान संघर्ष को लेकर चिंता बनी हुई है। जापान का निक्केई इंडेक्स 0.63% गिरा, टोपिक्स इंडेक्स 0.44% टूटा, कोरिया का कोस्पी शुरू में बढ़त के बाद 0.18% फिसल गया और ऑस्ट्रेलिया का ASX 200 हल्की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहा था।