24 घंटे में बदलेगा मौसम का मिजाज, 15 राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी

 24 घंटे में बदलेगा मौसम का मिजाज, 15 राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी
नई दिल्ली। दिल्ली सहित कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलेगा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान 15 राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। पूर्वानुमान के अनुसार, पुडुचेरी, तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, कराईकल  और यनम सहित दक्षिण भारत के अन्य हिस्सों में आज हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की संभावना है। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार,ओडिशा सहित पूर्वी और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग की तरफ से बताया गया है कि 18-20 जून के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना, कराईकल, केरल और माहे, लक्षद्वीप, कर्नाटक में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। अलग-अलग स्थानों पर गरज, बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। 18 से 20 जून के दौरान गुजरात, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गरज के साथ बारिश के आसार हैं। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं अगले 24 घंटे के दौरान गंगा के मैदानी इलाकों, विदर्भ, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल के बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना है। उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश में छिटपुट भारी वर्षा की संभावना है। 21 और 22 जून को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। साथ ही 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली-एनसीआर में आज भी आसमान में बादल छाए हुए हैं। आज शाम तक हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा केरल, कर्नाटक,तमिलनाडु, गोवा, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, झारखंड, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम उप्र में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है