हांगकांग से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर में खराबी, एक घंटे के भीतर वापस लौटा

 हांगकांग से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर में खराबी, एक घंटे के भीतर वापस लौटा
नई दिल्ली। हांगकांग से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान में तकनीक खराबी आ गई। जिस कारण ड्रीमलाइनर को आज सोमवार को उड़ान भरने के एक घंटे के भीतर हवाई अड्डे पर वापस लौटना पड़ा। दरअसल, पायलट को विमान में तकनीकी समस्या का अंदेशा हुआ। एयरलाइन ने इस बारे में सफाई देते हुए कहा कि विमान संख्या एआई 315 हांगकांग में सुरक्षित रूप से उतर गया है। सभी यात्री विमान से बाहर आ गए हैं।
हांगकांग से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI315 को बीच उड़ान में तकनीकी समस्या का संदेह होने के बाद वापस अपने मूल स्थान पर लौटना पड़ा। बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर की ओर से संचालित यह फ्लाइट AI315 हांगकांग से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान का इस्तेमाल भारत में एअर इंडिया की तरफ से किया जा रहा है। 12 जून को गुजरात के अहमदाबाद में ऐसा ही एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दौरान विमान में सवार 242 लोगों में 241 लोगों की मौत हो गई थी।
विमान कंपनी ने एक बयान में कहा कि विमान संख्या AI 315 हांगकांग में सुरक्षित रूप से उतर गया और सभी यात्री विमान से उतर गए हैं। साथ ही कहा कि विमान का निरीक्षण किया जा रहा है। विमान हांगकांग से दोपहर 12.16 बजे (स्थानीय समय) रवाना हुआ और इसे भारतीय समयानुसार दोपहर 12.20 बजे दिल्ली उतरना था। उड़ान ट्रैकिंग वेबसाइट flightradar24.com के मुताबिक, विमान लगभग 3.5 घंटे की देरी से रवाना हुआ, जबकि इसका निर्धारित प्रस्थान सुबह 8.50 बजे था। विमान स्थानीय समयानुसार दोपहर सवा एक बजे एयरपोर्ट पर लैंड हुआ।