भारत की अगली जनगणना 2027 में होगी आयोजित, गृह मंत्रालय ने अधिसूचना जारी की

Nimmi Thakur
तारीख: 16 जून 2025
📍 स्थान: नई दिल्ली
भारत सरकार ने वर्ष 2027 में देशव्यापी जनगणना आयोजित करने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। यह घोषणा जनगणना अधिनियम, 1948 (1948 का 37) की धारा 3 के तहत जारी की गई अधिसूचना के माध्यम से की गई है। गृह मंत्रालय के अधीन भारत के महानिबंधक एवं जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण द्वारा इस अधिसूचना को जारी किया गया।
संदर्भ तिथियाँ इस प्रकार होंगी:
मुख्य जनगणना क्षेत्रों के लिए: 1 मार्च, 2027 की मध्यरात्रि (00:00 बजे)।
असमकालिक क्षेत्रों (लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के हिमाच्छादित दुर्गम क्षेत्र) के लिए: 1 अक्टूबर, 2026 की मध्यरात्रि (00:00 बजे)।
यह अधिसूचना भारत सरकार की 26 मार्च 2019 को प्रकाशित अधिसूचना संख्या का.आ. 1455(अ) के स्थान पर जारी की गई है।
गृह मंत्रालय के अनुसार, यह निर्णय देश की जनसंख्या से संबंधित सटीक आंकड़े एकत्रित करने और भावी नीतिगत योजनाओं को बेहतर ढंग से बनाने के उद्देश्य से लिया गया है।
📌 जनगणना क्यों है महत्त्वपूर्ण?
जनगणना न केवल देश के जनसंख्या आंकड़ों को दर्शाती है, बल्कि सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक और अन्य बुनियादी संरचनाओं की जानकारी भी देती है। इन आंकड़ों का उपयोग केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के वितरण तथा प्रशासनिक निर्णयों के लिए किया जाता है।