नमो एप पर जन मन सर्वे में पहले दिन पांच लाख से अधिक लोग हुए शामिल; सरकार के 11 साल के काम पर दिए जवाब

 नमो एप पर जन मन सर्वे में पहले दिन पांच लाख से अधिक लोग हुए शामिल; सरकार के 11 साल के काम पर दिए जवाब
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में नमो एप पर जन मन सर्वे की शुरुआत का पहला दिन शानदार रहा। लॉन्च के 26 घंटे के भीतर देशभर से पांच लाख से अधिक लोगों ने इसमें हिस्सा लिया।
सोशल मीडिया पर सर्वे की जानकारी साझा करते हुए पीएम मोदी ने लोगों से भारत की विकास यात्रा पर अपनी राय देने की अपील की। मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, आपकी राय सबसे महत्वपूर्ण है! नमो एप पर इस सर्वे में हिस्सा लें और हमें बताएं कि आप भारत की 11 वर्षों की विकास यात्रा को कैसे देखते हैं। यह सर्वे केंद्र सरकार की नीतियों और योजनाओं पर आम जनता की राय जानने का एक बड़ा प्रयास है।
यूपी से सर्वाधिक भागीदारी, दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र
आंकड़ों के अनुसार, पहले दिन सर्वे में उत्तर प्रदेश की सर्वाधिक भागीदारी रही। यूपी से सबसे अधिक 1,41,150 जवाब भेजे गए हैं। इसके बाद महाराष्ट्र से 65,775, तमिलनाडु से 62,580, गुजरात से 43,590 और हरियाणा से 29,985 प्रतिक्रियाएं मिली हैं।
लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सीधी भागीदारी का मौका है ये सर्वे
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, नमो एप का ‘जन मन सर्वे’ नागरिकों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सीधे भागीदारी का मौका देता है। इसमें जनता राष्ट्रीय सुरक्षा, शासन, सांस्कृतिक गौरव, युवा विकास जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार के कामकाज का आकलन कर सकते हैं। इस पर अपनी राय व्यक्त कर सकते हैं। इससे न सिर्फ जनता अपनी बात कह सकती है बल्कि सरकार को संकेत भी दे सकती है कि किन योजनाओं और नीतियों को लोगों में समर्थन मिल रहा है और कहां सुधार की जरूरत है। यह सर्वे नए भारत के निर्माण में आम जन को सहभागी बनने की भावना को साकार करता है।
77 प्रतिशत लोगों ने हर प्रश्न का दिया जवाब
सर्वे में शामिल 77 प्रतिशत लोगों ने पूरा सर्वे पूरा किया है, जो नागरिकों की गंभीर भागीदारी को दर्शाता है। एक अधिकारी ने कहा, यह अनूठा सर्वे लोगों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल करने तथा उन्हें प्रमुख राष्ट्रीय मुद्दों और सरकारी पहलों पर अपनी राय व्यक्त करने के लिए सशक्त बनाने के लिए तैयार किया गया है।