लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर अबू सैफुल्लाह की पाकिस्तान में अज्ञात हमलावरों ने की हत्या
- विदेश
Political Trust
- May 19, 2025
- 0
- 63
- 1 minute read

नई दिल्ली। आतंकियों की पनाहगार बने पाकिस्तान में अब आतंकवादियों की हत्या की जा रही है। आज रविवार को लश्कर-ए-तैयबा के एक और टॉप कमांडर की पाकिस्तान में अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी। लश्कर-ए-तैयबा और जमात नेता रजुल्लाह निजामनी उर्फ अबू सैफुल्लाह को पाकिस्तान के सिंध प्रांत में मतली फालकारा चौक इलाके में अज्ञात हमलावरों ने दिन दहाड़े गोलियों से छलनी कर दिया।
जानकारों के मुताबिक लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर रजाउल्ला को पाकिस्तान सरकार ने सुरक्षा मुहैया कराई हुई थी। वह रविवार दोपहर को सिंध के मतली स्थित अपने घर से कहीं जाने के लिए बाहर निकला था। इस दौरान एक क्रॉसिंग के पास अज्ञात बंदूकधारियों ने रजाउल्ला की गोली मारकर हत्या कर दी। रिपोर्ट के मुताबिक सैफुल्ला को गोली लगने के बाद अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इन रिपोर्ट में इसे आपसी रंजिश का मामला बताया जा रहा है। लश्कर आतंकी अबू अनस का करीबी सैफुल्ला आरएसएस मुख्यालय पर हमले का मास्टरमाइंड था। आरएसएस मुख्यालय पर हमला करने वाले तीनों आतंकवादी मार गिराए गए थे। आरएसएस मुख्यालय पर हमले की साजिश रचने के अलावा सैफुल्ला 2005 में बंगलूरू में भारतीय विज्ञान संस्थान पर हुए आतंकी हमले में भी शामिल था। इस हमले में आईआईटी के प्रोफेसर मुनीश चंद्र पुरी मारे गए थे और चार अन्य घायल हो गए थे। आतंकी हमले के बाद घटनास्थल से भाग निकले थे। बाद में पुलिस ने मामले की जांच की और अबू अनस के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया। अनस अभी फरार है। सैफुल्ला 2008 में उत्तर प्रदेश के रामपुर में सीआरपीएफ कैंप पर हुए हमले का भी मास्टरमाइंड था। इस हमले में सात जवान और एक नागरिक मारे गए थे। दोनों आतंकवादी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले थे।