बिस्कोमान बिहार-झारखंड अध्यक्ष पद पर विशाल सिंह निर्वाचित, बंदना सिंह को 5 मतों से हराया

सहकारिता जगत में खुशी की लहर, किसान मोर्चा नेताओं ने दी बधाई
पटना, 9 मई:
बिहार-झारखंड की सहकारी संस्था बिस्कोमान के अध्यक्ष पद के लिए आज हुए चुनाव में श्री विशाल सिंह ने निर्णायक जीत दर्ज की। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी बंदना सिंह को 5 मतों से परास्त कर यह पद हासिल किया। श्री सिंह वर्तमान में (NCCF) नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। उनकी इस ऐतिहासिक जीत पर सहकारिता जगत में हर्ष और उत्साह की लहर दौड़ गई है।
विशाल सिंह का यह विजय सिर्फ एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि उनके पारिवारिक विरासत का भी विस्तार है। उनके दादा स्वर्गीय तपेश्वर सिंह और पिता स्वर्गीय अजीत सिंह, दोनों ही बिस्कोमान और सहकारिता क्षेत्र में अपने योगदान के लिए प्रसिद्ध रहे हैं। विशाल सिंह ने अध्यक्ष पद संभालने के बाद कहा कि वे अपने पूर्वजों की परंपरा और मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए बिहार और झारखंड में सहकारिता को नई ऊंचाई देंगे।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री मनोज कुमार सिंह, महामंत्री नवीन कुमार, और उपाध्यक्ष हितेन्द्र ठाकुर (उर्फ नुनु ठाकुर) ने श्री सिंह को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने उनकी जीत को सहकारिता क्षेत्र के लिए शुभ संकेत बताया और आशा जताई कि उनके नेतृत्व में बिस्कोमान और अधिक सशक्त होगा।
विशाल सिंह की जीत ने सहकारिता आंदोलन को एक नई दिशा देने की उम्मीद जगा दी है और पूरे प्रदेश में उनके नेतृत्व को लेकर सकारात्मक चर्चाएं हो रही हैं