जानकी नवमी महोत्सव में आस्था, संस्कृति और खेल का संगम

 जानकी नवमी महोत्सव में आस्था, संस्कृति और खेल का संगम

NIMMI THAKUR

नगर परिषद विवाह भवन में हुआ भव्य आयोजन, मंत्रियों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति

मधुबनी, 7 मई: नगर परिषद विवाह भवन में जानकी नवमी के शुभ अवसर पर एक भव्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में बिहार सरकार के कई मंत्रियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया।

मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के नगर विकास मंत्री श्री जीवेश मिश्रा, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री श्री संजय सरावगी, खेल मंत्री श्री सुरेंद्र मेहता, जानकी सेना के मुख्य संरक्षक श्री मृत्युंजय झा एवं संरक्षक श्री हितेंद्र ठाकुर (नुनु ठाकुर) ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मधुबनी शहर के विभिन्न हिस्सों से निकाली गई आकर्षक झांकियों से हुई, जिनमें माँ सीता, लव-कुश और हनुमान जी की झांकियों ने भक्तों का मन मोह लिया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने पूरे उत्साह और आस्था के साथ इन झांकियों का स्वागत किया।

जानकी नवमी महोत्सव के दौरान खेलों का भी आयोजन किया गया। महिला कबड्डी, महिला वॉलीबॉल और पुरुष कबड्डी की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन खेलों का उद्घाटन सदर SDO श्री अश्विनी कुमार ने किया। विजेता और उपविजेता टीमों को खेल मंत्री श्री सुरेंद्र मेहता ने ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन श्री हितेंद्र ठाकुर ने किया, जबकि अध्यक्षता संस्था के प्रदेश अध्यक्ष श्री वरुण सिंह ने की। पूरे आयोजन में स्थानीय जनता, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सराहनीय रही।

जानकी नवमी महोत्सव ने यह संदेश दिया कि आस्था और संस्कृति के साथ-साथ खेलों को भी बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। यह आयोजन सामाजिक समरसता और लोक संस्कृति के संरक्षण का एक उत्तम उदाहरण बना।