सावित्री बाई फुले की स्मृति में ‘भारतीय महिला शक्ति सम्मान’ से नवाजी जाएंगी 25 प्रेरक महिलाएं

सी एम पपनै
नई दिल्ली। सावित्री बाई फुले की स्मृति में 11 मार्च को नई दिल्ली स्थित गांधी शांति प्रतिष्ठान के सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में ‘भारतीय महिला शक्ति सम्मान’ से विभिन्न क्षेत्रों व विधाओं में प्रेरक रही चौबीस महिलाओं को सावित्री बाई सेवा फाउंडेशन पुणे, अंग जन गण और मेरा गांव मेरा देश फाउंडेशन द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के परिप्रेक्ष्य में गठित जूरी द्वारा लिए गए निर्णय के आधार पर चयनित महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन के इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार और समाज सेविका डॉ.सविता चड्ढा का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा। हेमलता म्हस्के की पुस्तक सावित्रीबाई फातिमा शेख और अन्य आलेख का लोकार्पण भी होगा।
सावित्रीबाई सेवा फाउंडेशन की सचिव हेमलता म्हस्के और संस्था ‘अंग जन गण’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा सुधीर मंडल द्वारा अवगत कराया गया है, सावित्री बाई फुले की स्मृति में यह सम्मान इसलिए दिया जाता है क्योंकि वे भारतीय महिलाओं के लिए एक उज्ज्वल आदर्श हैं। उन्होंने देश में तब लड़कियों के लिए पहला स्कूल खोला जब उनको पढ़ाना पाप समझा जाता था। आज महिलाएं पढ़ लिख कर आगे बढ़ गई हैं लेकिन बहुत से मामलों में उनके साथ भेदभाव बरता जाता है। आज समाज को बार-बार यह अहसास दिलाने की जरूरत है कि महिलाएं किसी से कम नहीं हैं।
आयोजित सम्मान समारोह पद्मश्री डॉ.शीला झुनझुनवाला के सानिध्य में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्यकार अतुल प्रभाकर करेंगे। पंजाब केसरी न्यूज प्रा.लिमिटेड की चेयरपर्सन किरण चोपड़ा मुख्य अतिथि होंगी। अति विशिष्टि अतिथि होंगे पद्मश्री डॉ. बीकेएस संजय और डॉ. ममता ठाकुर। विशिष्ट अतिथि डॉ.दर्शन प्रिय, स्वतंत्र पत्रकार बरखा लकड़ा, प्रसिद्ध पत्रकार अजीज सिद्दीकी और शिक्षाविद बाबूलाल मीना होंगें। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार और गांधीवादी प्रसून लतांत करेंगें।
जिन महिलाओं को भारतीय महिला शक्ति सम्मान प्रदान किया जाएगा उनमें महिला सशक्तीकरण के लिए नंदिनी जाधव प्रमुख हैं। साहित्य के लिए दिल्ली से अश्रुतपूर्वा डॉट कॉम की संस्थापक संपादक व स्त्री विमर्शकार डॉ.सांत्वना श्रीकांत, कल्पना झा, रत्ना भदौरिया, कल्पना पांडे मनग्रह, वसुधा कनुप्रिया और बाल कीर्ति तथा दिल्ली से ही स्वतंत्र लेखन के लिए अंजू खरबंदा शामिल हैं। मुंबई से संध्या यादव को साहित्य, उत्तराखंड से डॉ.पुष्पा जोशी को महिला सशक्तीकरण, पंजाब से स्मिता जिंदल को बाल शिक्षण और मध्य प्रदेश से मिलन धुर्वे को समाज सेवा के लिए सम्मानित किया जाएगा। उत्तराखंड से मधु बेरिया साह को लोक गायन के लिए और बिहार की प्रतिभा चौहान को यह सम्मान मिलेगा। झारखंड से दीपिका तिर्की को शिक्षा, मध्य प्रदेश से मनीषा धुर्वे को शराबबंदी, नूतन पांडेय को पूर्वोत्तर साहित्य, गुजरात से शारदा बेन मगेरा को शिक्षा के लिए यह सम्मान मिलेगा। बिहार से डॉ. श्वेता को शिक्षा, छत्तीसगढ़ से सिनीवाली गोयल को समाज कल्याण, उत्तर प्रदेश से डॉ. जूही बिरला को शिक्षा और दिल्ली से पुष्पा राय को समाज सेवा के लिए, दमयंती बेन गमेती को लोक गायन के लिए, अमेरिका से डॉ.अनीता कपूर को साहित्य के लिए, श्रीलंका से डी.एम.एस.मधुभाषिणी कुलसिंह (सुगंधि) को हिंदी के लिए उक्त सम्मान प्रदान किया जाएगा।