दिल्ली के हरिनगर में सिद्धेश्वरी मां संतोषी का 109वां नवरात्र मेला उत्सव, 18 अक्टूबर तक होंगे धार्मिक आयोजन

 दिल्ली के हरिनगर में सिद्धेश्वरी मां संतोषी का 109वां नवरात्र मेला उत्सव, 18 अक्टूबर तक होंगे धार्मिक आयोजन

गुरु अमित सक्सेना के तत्वावधान में अखंड ज्योति प्रज्वलित कर हुआ नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ, समापन पर होगा मां भगवती जागरण

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के हरिनगर में तिलक नगर मेट्रो स्टेशन के निकट जेल रोड स्थित प्रसिद्ध सिद्धेश्वरी मां संतोषी मंदिर में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर 109वें नवरात्र मेला उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 11 अक्टूबर से 18 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस धार्मिक महोत्सव का शुभारंभ मंदिर के संचालक एवं संरक्षक गुरु श्री अमित सक्सेना के तत्वावधान में अखंड ज्योति प्रज्वलित कर किया गया। नवरात्र महोत्सव के समापन अवसर पर मां भगवती जागरण का आयोजन भी किया जाएगा।

गुरु श्री अमित सक्सेना ने बताया कि मां संतोषी को सनातन परंपरा में संतोष, शांति, सुख और समृद्धि की देवी के रूप में पूजा जाता है। भक्त सच्ची श्रद्धा और विश्वास के साथ माता की आराधना करते हैं। मंदिर में नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं।

प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं को मिलता है प्रसाद

मंदिर प्रबंधन के अनुसार, प्रतिदिन लगभग 12 से 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाता है। मंदिर में दिन की शुरुआत मां भगवती के भजनों से होती है। इसके साथ ही दुर्गा सप्तशती पाठ, हनुमान चालीसा, भजन संध्या और रंगमंच कलाकारों के धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

मंदिर में प्रत्येक मंगलवार, शुक्रवार और रविवार को माता की चौकी का आयोजन भी किया जाता है। इन अवसरों पर श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं और समस्याओं को लेकर माता के दरबार में पहुंचते हैं तथा अरदास और सेवा के माध्यम से अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम

मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्हीलचेयर, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष दर्शन व्यवस्था, डॉक्टर और एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा क्लॉक रूम, रात्रि विश्राम, सुरक्षा और भंडारे की व्यवस्था भी की गई है, ताकि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मंदिर प्रबंधन के मुताबिक, नवरात्र मेला पिछले 54 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान देश-विदेश के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु मां संतोषी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

गुरु अमित सक्सेना ने दी नवरात्र की शुभकामनाएं

गुरु श्री अमित सक्सेना ने सभी श्रद्धालुओं को शारदीय नवरात्र की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए मां संतोषी से सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

मंदिर और धार्मिक आयोजनों से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए श्रद्धालु मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट www.shrisantoshimatamandir.com पर जा सकते हैं।http://Politicaltrust.in