भीम बांध इको-पर्यटन क्षेत्र पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, आदिवासी समुदाय की समस्याएं सुनीं

 भीम बांध इको-पर्यटन क्षेत्र पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, आदिवासी समुदाय की समस्याएं सुनीं

सड़क, पेयजल, हाई स्कूल और सिंचाई सहित विभिन्न मांगों पर अधिकारियों को दिए निर्देश

पटना- मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर प्रखंड स्थित भीम बांध इको-पर्यटन क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों से उनकी प्रगति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में मौजूद आदिवासी समुदाय के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। लोगों ने मुख्यमंत्री के समर्थन में नारे भी लगाए। बातचीत के दौरान आदिवासी समुदाय के लोगों ने सड़क, पेयजल, हाई स्कूल, सिंचाई के लिए नहर और सामुदायिक भवन सहित विभिन्न सुविधाओं की मांग रखी।

मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को इनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार आदिवासी समुदाय के विकास और उनकी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। क्षेत्र के विकास से जुड़े सभी जरूरी कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएंगे।

कार्यक्रम का आयोजन पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से किया गया। इस दौरान गन्ना उद्योग मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री संजय कुमार, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, सांसद अरुण भारती, विधायक कुमार प्रणय, विधायक मनीष कुमार, पूर्व विधायक राजीव कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मुंगेर के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं आदिवासी समुदाय के लोग उपस्थित थे।http://Politicaltrust.in