कचरा बीनने वाले श्रमिकों को मिला सम्मान और सुरक्षा का भरोसा, रामदास अठावले ने वितरित किए ‘नमस्ते’ व आयुष्मान कार्ड
नई दिल्ली। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने शुक्रवार को मटियाला स्थित एमसीडी सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में एमसीडी के नजफगढ़ जोन के कचरा बीनने वाले श्रमिकों को ‘नमस्ते’ कार्ड वितरित करने के कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्रमिकों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय मशीनीकृत स्वच्छता पारिस्थितिकी तंत्र कार्ययोजना (नमस्ते) के तहत किया गया। इसका उद्देश्य स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा, गरिमा और सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार के साथ उन्हें सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है।
अपने संबोधन में रामदास अठावले ने कचरा बीनने वाले श्रमिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि देश और शहरों को स्वच्छ रखने में इन श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने श्रमिकों की कार्य परिस्थितियों में सुधार तथा उन्हें स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सरकार की ओर से निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में नजफगढ़ जोन के 300 से अधिक कचरा बीनने वाले श्रमिकों ने भाग लिया। ‘नमस्ते’ योजना के माध्यम से श्रमिकों की औपचारिक पहचान, स्वास्थ्य सेवा, सामाजिक सुरक्षा, कौशल विकास तथा जोखिमपूर्ण स्वच्छता कार्यों के मशीनीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सरकार का लक्ष्य देशभर में जोखिमपूर्ण मैनुअल सफाई की कार्य प्रणालियों को समाप्त कर स्वच्छता कर्मियों के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करना है।http://Politicaltrust.in
