युवाशक्ति से होगा नवभारत का निर्माण: नितिन नवीन
विशाखापट्टनम में युवा संवाद कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष ने युवाओं से सृजन, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का किया आह्वान
विशाखापट्टनम- भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में युवा मोर्चा के तत्वावधान में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि देश के भविष्य का निर्माण करने वाली सबसे शक्तिशाली ताकत युवा हैं। युवाओं में अपार ऊर्जा, प्रतिभा और विचार क्षमता है और सही दिशा मिलने पर वे भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाना चाहिए। उनकी सफलता केवल परिवार के लिए नहीं, बल्कि समाज, आंध्र प्रदेश और पूरे देश के लिए गर्व का विषय बननी चाहिए। 2047 के भारत की मजबूत नींव आज के युवाओं को रखनी है। उन्होंने युवाओं से विध्वंस के बजाय सृजन, आलोचना के बजाय समाधान और निराशा के बजाय सकारात्मक सोच को अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि युवाओं को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विधायकों के साथ काम करने के लिए इंटर्नशिप तथा नेतृत्व कार्यक्रमों के अवसर दिए जा सकते हैं। इससे उन्हें शासन-प्रशासन और नीति निर्माण की प्रक्रिया को समझने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में एक विद्यार्थी ने जनप्रतिनिधियों के साथ इंटर्नशिप का अवसर उपलब्ध कराने का सुझाव भी दिया।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भारत का स्टार्टअप इकोसिस्टम तेजी से आगे बढ़ रहा है और युवा अब केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले उद्यमी भी बन रहे हैं। विनिर्माण, मोबाइल उत्पादन, रक्षा उपकरण, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में देश नए अवसर तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि विदेशों में रह रहे भारतीय उद्यमियों और शोधकर्ताओं के लिए भी भारत लौटकर देश के विकास में योगदान देने का यह महत्वपूर्ण समय है।

उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में विद्यार्थियों की क्षमता और जरूरत के अनुरूप व्यक्तिगत शिक्षण को बढ़ावा मिल सकता है। जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल करना सीखना चाहिए।
नितिन नवीन ने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर भी युवाओं को सावधान किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उपलब्ध हर जानकारी को सच नहीं मानना चाहिए। गलत सूचनाओं, मॉर्फ की गई तस्वीरों और AI से तैयार फर्जी सामग्री के प्रसार को देखते हुए युवाओं को फैक्ट-चेकिंग की आदत विकसित करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए। सकारात्मक जानकारी साझा करके और समाज के लिए उपयोगी विचारों को प्रोत्साहित कर सोशल मीडिया को सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में नितिन नवीन ने विद्यार्थियों के साथ अनौपचारिक बातचीत भी की।http://Politicaltrust.in
