प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा खेलों के लिए ₹36,000 करोड़ से अधिक के बजट का PEFI ने किया स्वागत!
PEFI के राष्ट्रीय सचिव प्रो. डॉ. पीयूष जैन ने प्रधानमंत्री का जताया आभार!
दिनेश कुमार गौड़
नई दिल्ली। फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (PEFI) ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों के विकास एवं खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से खेल क्षेत्र के लिए ₹36,441 करोड़ से अधिक की ऐतिहासिक बजटीय योजना का स्वागत किया है।
PEFI के राष्ट्रीय सचिव प्रोफेसर डॉ. पीयूष जैन ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल भारत को वर्ष 2047 तक खेल महाशक्ति बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया अभियान को सशक्त बनाने, खेल अवसंरचना के विकास, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, पोषण एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने में यह बजट अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रो. डॉ. पीयूष जैन ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा खेलों के लिए निरंतर बढ़ाया जा रहा निवेश देश के लाखों युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देगा। गांवों, कस्बों और विद्यालयों से नए खिलाड़ी उभरेंगे, जिससे भारत ओलंपिक, एशियाई खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में और अधिक सफलता प्राप्त करेगा।
उन्होंने कहा कि PEFI देशभर में शारीरिक शिक्षा, फिटनेस और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा सरकार की इस दूरदर्शी पहल को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
PEFI ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में खेल जगत की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।http://Politicaltrust.in
