सांसद सुनील तटकरे ने रायगढ़ में खेल अधोसंरचना के विकास के लिए ‘खेलो इंडिया’ योजना से सहायता की मांग की

 सांसद सुनील तटकरे ने रायगढ़ में खेल अधोसंरचना के विकास के लिए ‘खेलो इंडिया’ योजना से सहायता की मांग की

नई दिल्ली। रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुनील तटकरे ने नई दिल्ली में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे से मुलाकात कर रायगढ़ में खेल अधोसंरचना के विकास के लिए ‘खेलो इंडिया’ योजना के तहत वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। इस संबंध में उन्होंने विस्तृत प्रस्ताव के साथ एक ज्ञापन भी मंत्री को सौंपा।
सांसद सुनील तटकरे ने ज्ञापन में बताया कि रायगढ़ के ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर क्षेत्रों में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जिनमें राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल मैदान, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुविधाएं और मजबूत खेल अधोसंरचना का विकास आवश्यक है।
उन्होंने रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र में बहुउद्देशीय इंडोर हॉल, सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक, फुटबॉल एवं हॉकी मैदान, वॉलीबॉल एवं बास्केटबॉल कोर्ट, ओपन जिम, खेल छात्रावास तथा मौजूदा खेल सुविधाओं के नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का अनुरोध किया।
सांसद सुनील तटकरे ने कहा कि इन सुविधाओं के विकसित होने से युवाओं को आधुनिक प्रशिक्षण के अवसर मिलेंगे, जमीनी स्तर की खेल प्रतिभाओं को उचित मंच मिलेगा तथा विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों की खेलों में भागीदारी बढ़ेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने पर रायगढ़ के खिलाड़ी राज्य और देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा खडसे से इन मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया गया। सांसद सुनील तटकरे ने कहा कि रायगढ़ में खेल अधोसंरचना के विकास और खिलाड़ियों के हित में केंद्र सरकार के समक्ष उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।http://Politicaltrust.in