100 दिन पूरे होने पर सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान: ₹11,464 करोड़ की 2,476 विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, बिहार में ₹5 लाख करोड़ निवेश का लक्ष्य
Nimmi Thakur
पटना- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपनी सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर कहा कि “यह सरकार बिहार की जनता की है, हम आपके सेवक हैं।” बीआईटी मेसरा, पटना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ₹11,464 करोड़ की लागत वाली 2,476 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि सरकार के पहले 100 दिन सेवा, संकल्प और समर्पण को समर्पित रहे हैं और इन निर्णयों से शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि, निवेश तथा आधारभूत संरचना के क्षेत्र में बिहार को नई गति मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में प्रत्येक प्रखंड में आदर्श विद्यालय, 211 नए डिग्री कॉलेज, 551 मॉडल स्कूल, एआई आधारित स्मार्ट गवर्नेंस, मेडिकल और औद्योगिक अवसंरचना के विस्तार सहित कई महत्वाकांक्षी योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने घोषणा की कि प्रत्येक जिले में कम से कम एक बड़ा उद्योग स्थापित किया जाएगा तथा 20 नवंबर तक बिहार में ₹5 लाख करोड़ के निवेश का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि वैशाली जिले के राजापाकर में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग पार्क स्थापित किया जाएगा, जबकि गया के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (IMC) में करीब 3,000 एकड़ में डेडिकेटेड स्टील प्लांट हब विकसित होगा। अगले पांच वर्षों में 25 नई चीनी मिलों की स्थापना कर कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पीपीपी मॉडल पर सड़क, मेडिकल कॉलेज और औद्योगिक परियोजनाओं का विस्तार किया जाएगा। पटना के 26 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव के बाद अगले तीन वर्षों में करीब 200 किलोमीटर मरीन ड्राइव विकसित करने की योजना है।

इसके अलावा गंडक और कोसी नदी के किनारे कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे तथा पटना में जीविका टावर का निर्माण महिला सशक्तिकरण के लिए किया जाएगा।
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि डिजिटल शिक्षा, आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षण, विक्रमशिला विश्वविद्यालय के विकास, एआई एवं कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय और आर्किटेक्चर एवं इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय की स्थापना जैसे कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए मेडिकल अवसंरचना का विस्तार और पीपीपी मॉडल पर आधुनिक अस्पताल विकसित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार की 100 दिनों की उपलब्धियों पर आधारित पत्रिका और कॉफी टेबल बुक का लोकार्पण किया। साथ ही सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग और माइक्रोसॉफ्ट तथा डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के साथ एचपीसीएल और आईओसीएल के बीच हुए समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग और विश्वास से समृद्ध बिहार का संकल्प अवश्य साकार होगा और आने वाले वर्षों में बिहार देश के विकास, निवेश, रोजगार, नवाचार और औद्योगिक प्रगति का अग्रणी केंद्र बनकर उभरेगा।
