Bharat Tex 2026 के दूसरे दिन भी बिहार पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र, निवेशकों ने दिखाई गहरी रुचि

 Bharat Tex 2026 के दूसरे दिन भी बिहार पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र, निवेशकों ने दिखाई गहरी रुचि

Nimmi Thakur 

दिल्ली- भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित भारत टेक्स 2026 के दूसरे दिन भी बिहार सरकार का पवेलियन निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों, नीति-निर्माताओं और देश-विदेश से आए आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। उद्योग विभाग, बिहार सरकार द्वारा स्थापित इस पवेलियन में राज्य की औद्योगिक नीतियों, निवेश संभावनाओं, टेक्सटाइल एवं परिधान क्षेत्र की क्षमताओं के साथ-साथ जीआई टैग और पारंपरिक उत्पादों का व्यापक प्रदर्शन किया गया।
दूसरे दिन बिहार पवेलियन का भ्रमण वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार की विकास आयुक्त (हथकरघा) डॉ. एम. बीना, कर्नाटक सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग विभाग (वस्त्र) की सचिव रोहिणी सिंधुरी दासरी (आईएएस), गुजरात सरकार के उद्योग आयुक्त अमित प्रकाश यादव (आईएएस) तथा भारत टेक्स आयोजन समिति के सह-अध्यक्ष भद्रेश दोधिया ने किया।

इस दौरान हथकरघा एवं रेशम निदेशालय के निदेशक डॉ. विद्यानंद सिंह और उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता की उपस्थिति में अतिथियों ने भागलपुरी सिल्क, जीआई टैग उत्पादों, हस्तशिल्प और अन्य प्रदर्शित वस्तुओं का अवलोकन किया। अतिथियों ने बिहार की उद्योगोन्मुखी नीतियों, निवेश-अनुकूल वातावरण और टेक्सटाइल क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की सराहना करते हुए विभागीय अधिकारियों एवं प्रदर्शकों से संवाद भी किया।

उधर, उद्योग विभाग की टीम ने प्रदर्शनी के विभिन्न हॉलों में जाकर निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों, खरीदारों और उद्यमियों से संपर्क स्थापित किया। टीम ने बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज-2025, बिहार टेक्सटाइल एवं लेदर नीति (संशोधित)-2025, प्लग-एंड-प्ले औद्योगिक सुविधाओं, भूमि उपलब्धता, एमएसएमई प्रोत्साहन तथा राज्य सरकार की विभिन्न निवेश प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी साझा की। साथ ही सभी निवेशकों और उद्यमियों को बिहार पवेलियन का भ्रमण कर राज्य में उपलब्ध औद्योगिक अवसरों से परिचित होने का आमंत्रण दिया।

उद्योग विभाग के अनुसार, भारत टेक्स 2026 के शेष दिनों में भी बिहार पवेलियन के माध्यम से राज्य की औद्योगिक क्षमता, निवेश की संभावनाओं और “बिहार है तैयार” के विज़न को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय निवेशकों तथा उद्योग जगत के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।http://Politicaltrust.in