बांकीपुर की जनता नीरज सिन्हा को भी देगी भरपूर समर्थन, विकास का संकल्प रहेगा जारी: नितिन नवीन

 बांकीपुर की जनता नीरज सिन्हा को भी देगी भरपूर समर्थन, विकास का संकल्प रहेगा जारी: नितिन नवीन

पटना-भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने कहा कि पार्टी ने समर्पित कार्यकर्ता नीरज सिन्हा को बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की सेवा और विकास की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह बांकीपुर की जनता ने उन्हें स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद दिया, उसी प्रकार नीरज सिन्हा को भी भारी समर्थन देकर विजयी बनाएगी।
पटना में मीडिया को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा नेतृत्व ने एक समर्पित कार्यकर्ता और मंडल अध्यक्ष रहे नीरज सिन्हा को जनता की सेवा का अवसर देकर संगठन की कार्यकर्ता-आधारित परंपरा को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता और कार्यकर्ताओं के सहयोग से उन्हें वर्षों तक क्षेत्र की सेवा करने का अवसर मिला और अब वही विकास यात्रा नीरज सिन्हा के नेतृत्व में आगे बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा द्वारा शुरू किए गए जनसेवा के संस्कारों को उन्होंने पिछले दो दशकों तक आगे बढ़ाया। जनता के सुख-दुख में सहभागी बनकर काम करने का अवसर उन्हें क्षेत्रवासियों के विश्वास से मिला और इसी विश्वास के कारण वे आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि नीरज सिन्हा जनसंघ काल से जुड़े कार्यकर्ता परिवार से आते हैं और क्षेत्र में समर्पित एवं सेवाभावी कार्यकर्ता के रूप में उनकी पहचान है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नीरज सिन्हा बांकीपुर के लोगों के भाई और बेटे की तरह क्षेत्र की सेवा करेंगे तथा विकास कार्यों को नई गति देंगे।

नितिन नवीन ने कहा कि पिछले वर्षों में बांकीपुर में सड़क, पानी, बिजली, पार्क, सामुदायिक भवन जैसी मूलभूत सुविधाओं का व्यापक विकास हुआ है। वेंडिंग ज़ोन, कम्युनिटी टॉयलेट और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसी योजनाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पटना नगर निगम ने बिहार का पहला सफल सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट टेंडर किया है, जिससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था और बेहतर होगी।
उन्होंने कहा कि राज्यसभा सांसद बनने के बाद भी बांकीपुर उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा। सांसद के रूप में भी वे क्षेत्र के विकास, जनसेवा और जनता के विश्वास के प्रति पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि बांकीपुर बिहार में सर्वांगीण विकास का आदर्श बनेगा और इस संकल्प को नीरज सिन्हा भी आगे बढ़ाएंगे।http://Politicaltrust.in