अश्विनी वैष्णव ने रखा एम्बर एंटरप्राइजेज और असेंट सर्किट्स इलेक्ट्रॉनिक्स संयंत्रों का शिलान्यास, जेवर को बताया उभरता इलेक्ट्रॉनिक्स हब
ग्रेटर नोएडा। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA), ग्रेटर नोएडा में एम्बर एंटरप्राइजेज और असेंट सर्किट्स के इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण संयंत्रों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह परियोजना भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र को नई गति देने के साथ ‘मेक इन इंडिया’ और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सेमीकंडक्टर उद्योग के बाद अब जेवर तेजी से इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। इससे उत्तर प्रदेश उच्च-प्रौद्योगिकी विनिर्माण और निवेश के लिए देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।
उन्होंने बताया कि लगभग ₹40,000 करोड़ मूल्य के उन्नत प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB), जिनका अब तक आयात किया जाता था, अब भारत में ही निर्मित किए जाएंगे। इससे देश की इलेक्ट्रॉनिक्स आपूर्ति श्रृंखला मजबूत होगी और आत्मनिर्भर भारत अभियान को नई मजबूती मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में कई और इलेक्ट्रॉनिक्स तथा सेमीकंडक्टर विनिर्माण परियोजनाएं स्थापित होंगी, जिससे राज्य वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत करेगा तथा बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने दिल्ली–लखनऊ–वाराणसी–पटना–सिलीगुड़ी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह परियोजना उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई दिशा देगी और औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को गति प्रदान करेगी।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि केंद्र सरकार उन्नत प्रौद्योगिकी, आधुनिक अवसंरचना और औद्योगिक निवेश के माध्यम से विश्वस्तरीय विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण कर रही है, जिसमें उत्तर प्रदेश ‘विकसित भारत’ के विजन का एक प्रमुख आधार बनकर उभर रहा है।
