भाजपा संगठन विस्तार और मोदी सरकार के 12 वर्षों पर मंथन, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक
नई दिल्ली- भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन की अध्यक्षता में वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों तथा भविष्य की रणनीति पर व्यापक चर्चा की गई।
बैठक की जानकारी देते हुए भाजपा के लोकसभा सांसद एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने कहा कि यह बैठक दोपहर करीब 2:30 बजे शुरू हुई और देर शाम तक जारी रही। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्तमान में 22 राज्यों में भाजपा एवं एनडीए की सरकारें जनता की सेवा कर रही हैं।
डॉ. पात्रा ने कहा कि भाजपा केवल सरकार तक सीमित नहीं है, बल्कि संगठन के स्तर पर भी पार्टी ने अभूतपूर्व विस्तार किया है। उन्होंने कहा कि एक समय केवल दो सांसदों वाली पार्टी आज देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बन चुकी है। इसी संगठनात्मक विस्तार को और मजबूत बनाने के लिए बैठक में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यकर्ता-आधारित कार्यशैली उसकी सबसे बड़ी ताकत है। पार्टी कार्यकर्ताओं के सुझावों और अनुभवों को आधार बनाकर संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है। बैठक में जमीनी स्तर पर पार्टी की पहुंच बढ़ाने और समाज के विभिन्न वर्गों को संगठन से जोड़ने के उपायों पर चर्चा हुई।
राष्ट्रीय प्रवक्ता ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में संगठनात्मक कार्यप्रणाली में कुछ महत्वपूर्ण बदलावों पर भी विचार किया जा रहा है। विशेष रूप से युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, महिलाओं के सशक्तिकरण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदायों को संगठन में अधिक अवसर देने तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रोफेशनल्स को भाजपा से जोड़ने पर गंभीर मंथन किया गया।
डॉ. पात्रा ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाकर संगठन को और अधिक व्यापक तथा प्रभावी बनाना है। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ तथा आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक अभियानों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।http://Politicaltrust.in
