गंगनहर पटरी पर दो पक्षों की महिलाओं के बीच मामूली कहासुनी के बाद मारपीट
गाजियाबाद। मुरादनगर क्षेत्र की गंगनहर पटरी एक बार फिर विवाद और हंगामे को लेकर सुर्खियों में आ गई है। नहाने के दौरान दो पक्षों की महिलाओं के बीच मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया। घटना में दोनों ओर से जमकर लात-घूंसे और थप्पड़ों का इस्तेमाल किया गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गंगनहर पटरी पर नहाने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो धीरे-धीरे बढ़ता गया और दोनों पक्षों की महिलाएं एक-दूसरे पर टूट पड़ीं। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया। घटना की जानकारी मिलने पर मुरादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, हालांकि तब तक दोनों पक्ष वहां से जा चुके थे। पुलिस ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन वीडियो के आधार पर मामले की पहचान और जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंगनहर पटरी पर आए दिन भीड़ और हुड़दंग की स्थिति बनी रहती है, जिससे ऐसे विवाद सामने आते रहते हैं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन का पालन करने की अपील की है।
