राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने धर्मेंद्र सहित देश की 66 महान हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से किया सम्मानित
नई दिल्ली। राष्ट्रपति भवन के ऐतिहासिक ‘गणतंत्र मंडप’ में सोमवार को आयोजित वर्ष 2026 के पद्म पुरस्कार समारोह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देश की 66 महान हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया।
इस दौरान एक ऐसा बेहद भावुक और यादगार पल आया, जिसने वहां मौजूद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित सभी दिग्गजों की आंखें नम कर दीं। कला और सिनेमा जगत में अपने अभूतपूर्व योगदान से दशकों तक करोड़ों दिलों पर राज करने वाले महानायक धर्मेंद्र सिंह देओल को जब मरणोपरांत देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्म विभूषण’ से नवाजा गया, तो पूरा हॉल तालियों के साथ-साथ एक अजीब सी खामोशी और सम्मान से भर गया। इस सर्वोच्च सम्मान को ग्रहण करने के लिए धर्मेंद्र की धर्मपत्नी और दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी मंच पर पहुंचीं।
आंखों में आंसू लिए हेमा मालिनी ने लिया सम्मान, बेटी अहाना के छलके आंसू राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा जब धर्मेंद्र सिंह देओल (मरणोपरांत) के नाम की घोषणा की गई, तो वहां मौजूद हर शख्स की यादें ताजा हो गईं। सफेद साड़ी पहने, गंभीर मुद्रा और आंखों में आंसू लिए हेमा मालिनी ने राष्ट्रपति के हाथों इस बेहद प्रतिष्ठित पुरस्कार को रिसीव किया। सम्मान लेते वक्त हेमा मालिनी बेहद भावुक नजर आईं और अपने आंसुओं को रोकती दिखीं। वहीं, इस ऐतिहासिक और गौरवमयी पल की गवाह बनने मां के साथ दिल्ली पहुंचीं धर्मेंद्र की छोटी बेटी अहाना देओल भी खुद पर काबू नहीं रख सकीं। पिता को मिले इस सर्वोच्च सम्मान और मां को भावुक देख अहाना देओल कार्यक्रम के दौरान ही फफक-फफककर रोने लगीं, जिनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं।
