चौबीसों घंटे संचालन के जरिए एचपीसीएल ने देशभर में सुनिश्चित की ईंधन और एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति

 चौबीसों घंटे संचालन के जरिए एचपीसीएल ने देशभर में सुनिश्चित की ईंधन और एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति

मुंबई। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने देशभर में ईंधन और एलपीजी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए चौबीसों घंटे संचालन, मजबूत लॉजिस्टिक्स समन्वय और लगातार निगरानी व्यवस्था बनाए रखी। कंपनी ने 1 मई से 24 मई 2026 के बीच 24 लाख किलोलीटर से अधिक पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति की, जबकि 277 लाख एलपीजी सिलेंडरों का वितरण किया।
कंपनी के अनुसार, इस अवधि में एचपीसीएल ने अपने रिटेल नेटवर्क के माध्यम से 9,32,092 किलोलीटर पेट्रोल (एमएस) और 15,42,154 किलोलीटर हाई-स्पीड डीजल (एचएसडी) की आपूर्ति की। इसके अलावा 1,60,488 ईंधन टैंकरों के जरिए एमएस, एचएसडी और एसकेओ-पीडीएस उत्पादों की लगातार सप्लाई सुनिश्चित की गई।
एचपीसीएल ने बताया कि कुछ क्षेत्रों में ग्राहकों की बढ़ी संख्या का मुख्य कारण कृषि सीजन के दौरान डीजल की अधिक मांग, कटाई कार्य और निजी रिटेल आउटलेट्स से उपभोक्ताओं का कंपनी के पंपों की ओर रुख करना रहा। बढ़ती मांग के बावजूद कंपनी की सप्लाई चेन, टर्मिनल, डिपो, एलपीजी बॉटलिंग प्लांट और फील्ड टीमें लगातार सक्रिय रहीं, जिससे देशभर में सेवाएं बाधित नहीं हुईं।
पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में कंपनी की पेट्रोल बिक्री 700 टीएमटी से बढ़कर 736 टीएमटी पहुंच गई, जो 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। वहीं हाई-स्पीड डीजल की बिक्री 1,335 टीएमटी से बढ़कर 1,427 टीएमटी हो गई, जिसमें 7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
एलपीजी क्षेत्र में भी एचपीसीएल ने मजबूत प्रदर्शन किया। कंपनी ने 277 लाख एलपीजी सिलेंडरों की डिलीवरी के साथ 5 किलो के 5,27,928 फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर और 2 किलो के 26,145 सिलेंडरों की बिक्री दर्ज की। स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देने के लिए कंपनी ने विभिन्न बाजारों और समुदायों में 2,652 जागरूकता शिविर भी आयोजित किए।
तकनीक आधारित सेवाओं के चलते लगभग 99.3 प्रतिशत एलपीजी बुकिंग ऑनलाइन प्रोसेस की गईं, जिससे उपभोक्ताओं को तेज सेवा और रियल-टाइम ट्रैकिंग की सुविधा मिली।
उपभोक्ता हितों की सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एचपीसीएल ने इस अवधि में 1,174 निरीक्षण किए तथा 48 वितरकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। कंपनी ने कहा कि वह मजबूत संचालन व्यवस्था और आधुनिक तकनीक के जरिए देशभर के उपभोक्ताओं को भरोसेमंद ईंधन और एलपीजी आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।http://Politicaltrust.in