पेफी ने पुष्प वर्षा कर किया जनजाति सांस्कृतिक समागम शोभायात्रा का भव्य स्वागत!

 पेफी ने पुष्प वर्षा कर किया जनजाति सांस्कृतिक समागम शोभायात्रा का भव्य स्वागत!

दिनेश कुमार गौड़

नई दिल्ली। भगवान् बिरसा मुंडा जी के 150वें जन्म जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में लालकिला प्रांगण में आयोजित विराट जनजाति सांस्कृतिक समागम के अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा का फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (PEFI) की टीम ने पुष्प वर्षा कर गर्मजोशी से स्वागत किया। पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य, ढोल-नगाड़ों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सुसज्जित शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को उत्साह और सांस्कृतिक गौरव से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए लाखों जनजातीय भाई-बहनों ने अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और लोक कला का मनमोहक प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकता और भारतीय परंपराओं के संरक्षण का संदेश प्रमुखता से देखने को मिला।

पेफी की ओर से शोभायात्रा का स्वागत करने वालों में राष्ट्रीय सचिव डॉ. पीयूष जैन, उपाध्यक्ष हरदेव सिंह, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी (पत्रकार) दिनेश कुमार गौड़, डॉ. त्रिभुवन राम नारायण, डॉ. नीरज कौशिक, डॉ. अनिल शर्मा, योगेश शर्मा, पुनीत आर्या, पंकज कुमार तथा राजन पांडे सहित सैंकड़ों पेफी कार्यकर्ता एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पेफी के राष्ट्रीय सचिव डॉ. पीयूष जैन ने कहा कि जनजातीय समाज भारत की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण आधार है। उनकी परंपराएं, लोककला और जीवन मूल्य भारतीय संस्कृति को समृद्ध बनाते हैं। ऐसे आयोजनों से राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक भाईचारे को मजबूती मिलती है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शोभायात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया तथा आदिवासी संस्कृति के रंगों और परंपराओं की मुक्त कंठ से सराहना की।

http://Politicaltrust.in