कोलकाता। पश्चिम बंगाल के गृह और पर्वतीय मामले विभाग ने सभी जिला मजिस्ट्रेटों को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में पकड़े गए विदेशी नागरिकों और जेल से रिहा किए गए ऐसे विदेशी कैदियों के लिए अस्थायी हिरासत केंद्र (होल्डिंग सेंटर) बनाने की बात कही गई है, जो अपने वापस अपने देश भेजे जाने का इंतजार कर रहे हैं। इसमें कहा गया, इस देश में गैरकानूनी रूप से रह रहे बांग्लादेशी और रोहिंग्या लोगों को वापस भेजने की प्रक्रिया के संबंध में यह पत्र लिखा गया है। इस सिलसिले में अनुरोध किया जाता है कि पकड़े गए विदेशी नागरिकों और रिहा किए गए विदेशी कैदियों, जो निर्वासन या अपने देश भेजे जाने का इंतजार कर रहे हैं, उनके लिए जिले में अस्थायी हिरासत केंद्र बनाने के लिए पहल और उचित कार्रवाई की जाए। यह कार्रवाई गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाए।