पांच देशों की ऐतिहासिक यात्रा के अंतिम पड़ाव पर इटली पहुंचे पीएम मोदी

 पांच देशों की ऐतिहासिक यात्रा के अंतिम पड़ाव पर इटली पहुंचे पीएम मोदी
Political Trust Magazine 
नई दिल्ली/रोम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अपने पांच देशों के ऐतिहासिक और सफल दौरे के अंतिम पड़ाव पर इटली की राजधानी रोम पहुंच गए हैं। रोम पहुंचने पर इतालवी सरकार और वहां के शीर्ष नेतृत्व द्वारा भारतीय प्रधानमंत्री का बेहद गर्मजोशी और भव्य स्वागत किया गया। इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ तस्वीर साझा करते हुए बेहद आत्मीयता से लिखा— “रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त!”
बुधवार को भारत के लिए रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोम में कई महत्वपूर्ण राजनयिक और द्विपक्षीय कार्यक्रम तय हैं। पीएम मोदी इतालवी राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला से शिष्टाचार भेंट करेंगे। इसके बाद, वह इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ एक उच्चस्तरीय द्विपक्षीय वार्ता का नेतृत्व करेंगे। इस वार्ता के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, तकनीक और सांस्कृतिक संबंधों को नए आयाम देने पर गहन मंथन होगा। यह दौरा दोनों देशों के बीच तेजी से मजबूत हो रही रणनीतिक साझेदारी के बीच हो रहा है, जहां दोनों पक्ष संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029 को सक्रिय रूप से लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी जून 2024 में जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए इटली पहुंचे थे।