फतेहपुर में सिलेंडर से गैस लीक के बाद जोरदार धमाका, 9 लोग झुलसे

 फतेहपुर में सिलेंडर से गैस लीक के बाद जोरदार धमाका, 9 लोग झुलसे
फतेहपुर। यूपी के फतेहपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे में सिलेंडर से गैस लीक होने के बाद हुए जोरदार धमाका हुआ। इस हादसे में 9 लोग झुलस गए। घटना कल्यानपुर थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव की है, जहां दो कमरों के एक मकान में गैस लीक होने की वजह से अचानक ब्लास्ट हो गया। यह घटना रविवार रात करीब 9 बजे हुई, जब संतोष लोधी की पत्नी कलावती घर के अंदर रात का खाना बना रही थीं।खाना बनाते समय, बताया जा रहा है कि गैस का पाइप लीक होने लगा। हादसे के समय मकान के अंदर मौजूद 6 लोग इसकी चपेट में आ गए, जबकि उन्हें बचाने पहुंचे 3 अन्य लोग भी झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत मलवां मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। 9 में से 8 लोग गंभीर रूप से घायल थे, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया। इन घायलों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर कानपुर भेजा, जहां उनका इलाज जारी है।