गुजरात ने आजादी के समय से ही देश के औद्योगिक विकास में बहुत बड़ा योगदान दिया: अमित शाह

 गुजरात ने आजादी के समय से ही देश के औद्योगिक विकास में बहुत बड़ा योगदान दिया: अमित शाह
अहमदाबाद। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि गुजरात ने आजादी के समय से ही देश के औद्योगिक विकास में बहुत बड़ा योगदान दिया है। प्रधानमंत्री मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने इसे एक व्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया। अमित शाह ने कहा कि औद्योगिक विकास, आधारभूत संरचनाओं, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, उद्यमिता आधारित विकास मॉडल में वैश्विक पहचान बनाने में गुजरात की 2002 से 2026 तक की यात्रा बेहद अहम रही है। इंडस्ट्री क्षेत्र में गुजरात जैसा सुव्यवस्थित विकास अन्य जगहों पर कम देखने को मिलता है। इसका मूल कारण यह है कि गुजराती समाज ने परंपरा से ही उद्यमशीलता और साहसिकता के गुणों को अपनाया है। अमित शाह ने कहा कि भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, क्वांटम कंप्यूटिंग और सेमीकंडक्टर जैसे उभरते क्षेत्रों में खुद को एक संस्थापक राष्ट्र के तौर पर खुद को स्थापित कर रहा है। उन्होंने अहमदाबाद में रविवार को गुजरात के पहले एसईजेड आईटी पार्क ‘मिलियन माइंड्स टेक सिटी’ के लॉन्च के मौके पर यह बात कही। त्रागड़ में इस प्रोजेक्ट के पहले चरण के उद्घाटन के मौके पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि देश कई क्षेत्रों में पीछे रहने की स्थिति से आगे बढ़कर अब उन तकनीकों में अपनी मज़बूत मौजूदगी बना रहा है, जिनसे अगले 25 सालों में वैश्विक अर्थव्यवस्था को आकार मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि एआई और डीप टेक ही भविष्य की अर्थव्यवस्था हैं।