मोदी के साथ 35 वर्षों के अनुभवों पर आधारित ‘अपनापन’ पुस्तक का 26 मई को लोकार्पण
Political Trust Magazine
नई दिल्ली– केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने 35 वर्षों के अनुभवों पर आधारित पुस्तक ‘अपनापन’ लिखी है। इस पुस्तक का लोकार्पण 26 मई 2026 को नई दिल्ली के NASC कॉम्प्लेक्स, पूसा में सुबह 10:30 बजे पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवगौड़ा द्वारा किया जाएगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि यह पुस्तक प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व, नेतृत्व, कार्यशैली और राष्ट्रसमर्पण की निकटतम झलक प्रस्तुत करती है। उन्होंने कहा कि यह कृति उनके तीन दशक से अधिक के सार्वजनिक जीवन में मोदी जी के साथ रहे अनुभवों, भावनाओं और प्रेरणाओं का सार है।
उन्होंने बताया कि उनका और प्रधानमंत्री मोदी का साथ 1991 की एकता यात्रा से शुरू हुआ, जो संगठनात्मक कार्यकर्ता से लेकर मुख्यमंत्री और फिर केंद्रीय मंत्री के रूप में विभिन्न जिम्मेदारियों तक जारी रहा। पुस्तक में संगठन, सुशासन, नीति निर्माण, चुनावी रणनीति और कार्यकर्ताओं से जुड़ाव जैसे विषयों को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
शिवराज सिंह ने कहा कि दुनिया प्रधानमंत्री मोदी को एक निर्णायक नेता के रूप में देखती है, लेकिन उन्होंने उन्हें एक कर्मयोगी और संवेदनशील व्यक्तित्व के रूप में करीब से अनुभव किया है। उन्होंने एकता यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि मोदी जी ने उसे केवल राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चेतना के अभियान में बदल दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी तकनीक के महत्व को बहुत पहले समझ चुके थे और उसे सुशासन, पारदर्शिता और जनभागीदारी का प्रभावी माध्यम बनाया। कोविड-19 महामारी के दौरान उनके नेतृत्व, धैर्य और दूरदृष्टि की भी पुस्तक में चर्चा की गई है।
शिवराज सिंह चौहान के अनुसार, ‘अपनापन’ केवल घटनाओं का संकलन नहीं, बल्कि विचार, दृष्टि और राष्ट्र निर्माण की भावना का दस्तावेज है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुस्तक विशेष रूप से युवाओं को प्रेरित करेगी और उन्हें सेवा, समर्पण और अनुशासन के महत्व को समझने में मदद करेगी।
